गिरफ्तारी के तुरंत बाद अनंत सिंह ने किया पोस्ट, मोकामा की जनता से की ये अपील…

पटनाः बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले मोकामा में दुलारचंद मर्डर केस ने सनसनी फैला दी. मामले में JDU प्रत्याशी और पूर्व विधायक अनंत सिंह सहित 3 को पुलिस ने बीती देर रात गिरफ्तार कर लिया. पटना के SSP कार्तिकेय शर्मा के नेतृत्व में यह गिरफ्तारी हुई. पुलिस टीम अनंत सिंह को बाढ़ से लेकर पटना पहुंची. इस दौरान रास्ते भर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. उनकी गिरफ्तारी के कुछ देर बाद ही उनके फेसबुक पेज पर एक सोशल मीडिया पोस्ट किया गया. जिसमें उन्होंने मोकामा की जनता से खास अपील की.

अनंत सिंह ने अपने फेसबुक हेंडल पर लिखा – “सत्यमेव जयते !! मुझे #मोकामा के जनता पर पूर्ण भरोसा है !! इसलिए चुनाव अब मोकामा की जनता लड़ेगी ! – #अनंतसिंह” इस पोस्ट के साथ ही उन्होंने गिरफ्तारी का वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें पुलिस के सिपाही उन्हें आधी रात साथ लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं.

दो गुटों की झड़प में हुई हत्या
गौरतलब है कि, मोकामा में बीते दिनों दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें कई लोग घायल हुए और दुलारचंद यादव की मौत हो गई. मृतक दुलारचंद यादव का आपराधिक इतिहास रहा है और घटना के दौरान आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हुआ था. हत्या के आरोप में पटना पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों – अनंत सिंह, मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम को गिरफ्तार किया था. जांच की जिम्मेदारी सीआईडी को सौंपी गई है, जो वीडियो फुटेज, गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.

मामले में 80 संदिग्ध हिरासत में
पटना डीएम डॉ. थियागराजन एसएम ने कहा कि इस हत्याकांड को गंभीरता से लिया गया. पिछले 48 घंटों से दिन-रात कैंप कर जांच की जा रही है. अब स्थिति पूरी तरह से सामान्य है. असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कार्रवाई जारी है. बीते दिनों 80 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है. अब मुख्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.