बिहार में बीच सड़क पेट्रोल डालकर नाबालिग को जिंदा जलाया: इलाज के दौरान मौत

पटना : पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग छात्रा को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह छात्रा की मौत
जानकारी के अनुसार, पीड़िता को गंभीर अवस्था में पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान शुक्रवार की अहले सुबह उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। सदर सीडीपीओ-2 रंजन कुमार ने बताया कि गोपालपुर थाना में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप है कि उनकी बेटी पर एक युवक ने पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया था। शिकायत के आधार पर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है।

17 जनवरी की बताई जा रही घटना
गोपालपुर थाना प्रभारी अमित कुमार के अनुसार, नाबालिग छात्रा पहले बैरिया स्थित नानी के घर रहती थी, बाद में वह अपने परिवार के साथ पास ही एक किराए के मकान में रहने लगी थी। घटना 17 जनवरी की है, जब बीच सड़क पर एक युवक ने छात्रा पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने का प्रयास किया।

आरोपी फरार, छापामारी जारी
पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक की उम्र लगभग 20 वर्ष है, जबकि छात्रा की उम्र करीब 17 वर्ष थी। परिजनों का कहना है कि युवक अक्सर छात्रा को आते-जाते परेशान करता था। विरोध करने पर इस घटना को अंजाम दिया गया। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।