नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर सरकार को कटघरे में खड़ा करने का प्रयास किया है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर वीडियो क्लिप साझा की है। राहुल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीतियों का जिक्र करते हुए भारत पर हो रहे कथित दुष्प्रभावों को रेखांकित किया है। राहुल ने कहा है कि टैरिफ के कारण देश में करोड़ों नौकरियों के अलावा लाखों व्यवसायी भी खतरे में हैं। कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि लोगों को राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने प्रभावी फैसले नहीं लिए।
कांग्रेस सांसद ने ‘दुर्दशा’ के लिए प्रधानमंत्री को बताया जवाबदेह
अपने एक्स पोस्ट में राहुल ने हैशटैग- #TINA का भी इस्तेमाल किया है। राहुल की इस टिप्पणी को तमिलनाडु में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। राहुल ने कहा, अर्थव्यवस्था पर अमेरिकी टैरिफ की मार का उल्लेख करते हुए लिखा, अमेरिका ने जो 50% टैरिफ लगाया है इससे अनिश्चितता के माहौल में भारत के कपड़ा निर्यातकों को भारी नुकसान हो रहा है। कारखाने बंद हो रहे हैं, नौकरियां छिन रही हैं। ऑर्डरों में कमी हमारी ‘बेहाल अर्थव्यवस्था’ की हकीकत बन चुकी है। उन्होंने ऐसे हालात के लिए पीएम मोदी को जवाबदेह बताया।
45 करोड़ से अधिक नौकरियां और लाखों व्यवसाय खतरे में
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर राहत के लिए प्रभावी कदम न उठाने के आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने कहा, पीएम मोदी ने न तो कोई राहत दी और न ही टैरिफ के बारे में आज तक कोई बयान दिया है। उन्होंने लिखा, ’45 करोड़ से अधिक नौकरियां और लाखों व्यवसाय खतरे में हैं। मोदी जी, आप जवाबदेह हैं; कृपया इस मामले पर ध्यान दें!’
इससे पहले कांग्रेस ने किन बातों पर सरकार को आड़े हाथों लिया?
कांग्रेस देश की आर्थिक नीतियों के अलावा सरकार पर मनरेगा में बदलाव को लेकर भी लगातार हमले कर रही है। एक ऐसे ही कार्यक्रम में राहुल ने पीएम मोदी की नीतियों को घातक बताते हुए कहा था कि विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (VB- G RAM G) कानून लाने का मकसद केवल जुमलेबाजी है। इससे गरीबों के हक पर सीधा प्रहार हो रहा है। इसी कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी प्रधानमंत्री को आड़े हाथों लिया था। खरगे ने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी सुर्खियों में बने रहने के लिए आए दिन ट्रेनों का उद्घाटन करते रहते हैं। उन्होंने पीएम मोदी को मनरेगा के श्रमिकों तरह मजदूरी करने की नसीहत भी दी।
प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों को लेकर लगातार हमलावर रही है कांग्रेस
गौरतलब है कि राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस पार्टी के कई नेता पीएम मोदी की आर्थिक नीतियों को लेकर आलोचनात्मक टिप्पणियां करते रहे हैं। इससे पहले जब राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी, उस समय उन्होंने भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन जैसी हस्तियों के साथ भी देश और वैश्विक अर्थव्यवस्था से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की थी। इस चर्चा के दौरान भी सरकार के फैसलों को कटघरे में खड़ा करने का प्रयास किया गया था।