रामनगर(पश्चिम चंपारण)। पश्चिम चंपारण के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़िला गांव में शुक्रवार को उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई, जब पारिवारिक विवाद सुलझाने पहुंची डायल 112 पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने युवक से मारपीट का आरोप लगाया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने 112 पुलिस टीम को घेर लिया और करीब तीन घंटे तक उन्हें वाहन में ही बंधक बनाए रखा। सूचना पर पहुंचे एसडीपीओ समेत वरीय अधिकारियों के हस्तक्षेप और समझाने-बुझाने के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
विदाई विवाद से शुरू हुआ मामला
मुड़िला गांव निवासी अनिरुद्ध प्रसाद के पुत्र चंदन प्रसाद, जो वर्तमान में अग्निवीर के रूप में कार्यरत हैं, की शादी बीते वर्ष 25 नवंबर को गोपालपुर थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव निवासी पूजा कुमारी से हुई थी। शादी के बाद कुछ दिनों तक घर में रहने के बाद चंदन ड्यूटी पर चले गए। इसी दौरान पूजा की विदाई को लेकर ससुराल और मायके पक्ष के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। शुक्रवार को पूजा के स्वजन स्थानीय थाना की मदद से डायल 112 पुलिस टीम के साथ मुड़िला गांव पहुंचे। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
युवक से मारपीट का आरोप, ग्रामीण भड़के
विवाद बढ़ता देख चंदन के ताऊ प्रहलाद प्रसाद के 20 वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार बीच-बचाव के लिए आगे आए। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी दौरान डायल 112 टीम के चालक विवेक कुमार और एएसआइ संजय भगत ने कुंदन के साथ मारपीट की। आरोप है कि कुंदन को वाहन में बैठाकर शीशा बंद कर दिया गया और उसका गला दबाया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने चालक विवेक कुमार, एएसआइ संजय भगत समेत दो अन्य पुलिसकर्मियों को वाहन सहित घेर लिया और उन्हें बंधक बना लिया। ग्रामीणों और पुलिस के बीच हाथापाई की भी चर्चा है।
घायल युवक जीएमसीएच रेफर
घटना के बाद स्वजन घायल कुंदन कुमार को आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. डी.एस. आर्या ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जीएमसीएच रेफर कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई : एसडीपीओ
एसडीपीओ रागिनी कुमारी ने बताया कि ग्रामीणों से आवेदन लिया जा रहा है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।