बिहार में महिला ने एक साथ चार बच्चों को दिया जन्म, देखने उमड़ी लोगों की भीड़

सिवान: बिहार में सिवान के काफी प्रसिद्ध हॉस्पिटल बड़हरिया झुनापुर हाईवे पर स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल में एक महिला ने एक साथ एक नहीं, दो नहीं बल्कि चार बच्चों को जन्म दिया. इसके बाद चारों बच्चों को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ने लगी. फिलहाल, चारों बच्चे अभी डॉक्टरों की निगरानी में हैं, जहां उन्हें उचित ट्रीटमेंट दिया जा रहा है. इसमें तीन बेटे और एक बच्ची शामिल है. हालांकि, महिला ने जिन बच्चों को जन्म दिया है वह पूरी तरह स्वस्थ हैं. डॉक्टर और स्टाफ लगातार निगरानी कर रहे हैं.

जानें पूरा मामला
सिवान के मैरवा प्रखंड के अकोल्हि गांव के रहने वाले मनोज यादव की पत्नी सुनीता देवी ने बीते मंगलवार को हॉस्पिटल मे एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया. इनमें से एक बच्चे की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिसके कारण उसने दम तोड़ दिया. इस संबंध मे पिता मनोज यादव ने बताया कि यह मेरी पत्नी की पहली डिलीवरी है.

पति ने कहा, “हम लोगों को भी उम्मीद नहीं थी कि एक साथ चार चार बच्चे हो जाएंगे, लेकिन भगवान को यही मंजूर था. उन्होंने बताया कि एक की हालत जन्म लेने के थोड़ी देर बाद ही नाजुक हो गई. उसे एक प्राइवेट क्लीनिक में एडमिट किया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका. वहीं, दो बच्चे और एक बच्ची बिल्कुल स्वस्थ है.”

क्या कहती हैं डॉक्टर?
इस संबंध में प्राइवेट हॉस्पिटल की डॉ. श्वेता रानी ने फोन पर बताया कि यह कुदरत का अजीबो-गरीब करिश्मा है. हम लोग भी काफी हैरत में हैं कि एक साथ चार चार बच्चों को महिला ने जन्म दिया. मेरे लिए तो बहुत खुशी की बात है. उससे ज्यादा मुझे इस बात की खुशी है कि चार बच्चों को जन्म देने के बाद भी महिला पूरी तरह स्वस्थ है.