हरियाणा में तीसरी बार महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, कहीं लंबी लाइन तो कहीं पसरा सन्नाटा

फरीदाबाद/भिवानी: हरियाणा समेत पूरे देश में लगातार बढ़ती महंगाई के बीच आम जनता को एक और बड़ा झटका लगा है. बीते महज 10 दिनों के भीतर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीसरी बार बढ़ोतरी की गई है. 15 मई से 23 मई 2026 के बीच पेट्रोल लगभग 4 रुपये 77 पैसे प्रति लीटर और डीजल करीब 4 रुपये 81 पैसे प्रति लीटर महंगा हो चुका है. लगातार बढ़ रही कीमतों ने आम आदमी से लेकर ट्रांसपोर्ट सेक्टर तक की चिंता बढ़ा दी है.

तीन चरणों में बढ़े दाम: सबसे पहली बड़ी बढ़ोतरी 15 मई को हुई थी, जब पेट्रोल और डीजल के दामों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई. इसके बाद 19 मई को फिर लगभग 90 पैसे प्रति लीटर दाम बढ़ाए गए. लोगों को उम्मीद थी कि अब राहत मिलेगी, लेकिन 23 मई को तेल कंपनियों ने फिर से कीमतों में इजाफा कर दिया. नई दरों के अनुसार पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया.

पेट्रोल 100 रुपये के पार पहुंचा: नई बढ़ोतरी के बाद कई शहरों में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये प्रति लीटर के आंकड़े को पार कर गई है. भिवानी में पेट्रोल की कीमत 100.71 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई, जबकि डीजल करीब 93 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर पहुंच गया. लगातार बढ़ते दामों ने मध्यम और निम्न वर्ग के परिवारों की आर्थिक परेशानियां बढ़ा दी हैं.

फरीदाबाद में पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी लाइनें: फरीदाबाद में तेल की कीमतें बढ़ने के बाद पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. लोगों में इस बात का डर साफ नजर आया कि आने वाले दिनों में कीमतें और बढ़ सकती हैं. इसी आशंका के चलते लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल करवाने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं.

हरियाणा में 10 दिन में तीसरी बार महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल
बैलगाड़ी पर बाइक रखकर जताया विरोध: फरीदाबाद में बढ़ती कीमतों के खिलाफ लोगों का गुस्सा भी अलग-अलग तरीके से सामने आया. एक व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल को बैलगाड़ी पर रखकर पेट्रोल पंप पहुंच गया.लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह तेल के दाम बढ़ते रहे तो वाहन चलाना आम आदमी के लिए मुश्किल हो जाएगा.

भिवानी में पेट्रोल पंपों पर पसरा सन्नाटा: जहां फरीदाबाद में पेट्रोल पंपों पर भीड़ देखने को मिली. वहीं, भिवानी में इसका उल्टा असर देखने को मिला. महम गेट चौक स्थित पेट्रोल पंप पर पहले जहां वाहनों की लंबी कतारें रहती थीं, अब वहां इक्का-दुक्का वाहन ही दिखाई दे रहे हैं. लोग अब केवल जरूरत भर का ही तेल डलवा रहे हैं और अनावश्यक वाहन उपयोग से बच रहे हैं.

रोजमर्रा के सामान भी हो सकते हैं महंगे: विशेषज्ञों का मानना है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का असर अब रोजमर्रा की जिंदगी पर भी दिखाई देगा. ट्रांसपोर्ट महंगा होने से फल, सब्जी, दूध और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है. इसका सीधा असर आम आदमी की रसोई और मासिक बजट पर पड़ेगा.

“अब टंकी फुल करवानी पड़ रही है”: फरीदाबाद में पेट्रोल भरवाने पहुंचे यशोधन ने कहा कि, “पहले ही महंगाई बहुत ज्यादा है. ऊपर से पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं. घर का बजट बिगड़ गया है. मुझे लगता है कि आने वाले दिनों में कीमतें और बढ़ेंगी, इसलिए अब मैं टंकी फुल करवाता हूं.”

सरकार से मांगी राहत: वहीं, वाहन चालक दुष्यंत ने कहा कि, “मैं पेट्रोल भरवाने आया था, तभी पता चला कि फिर से रेट बढ़ गए हैं. सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए. महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम आदमी परेशान हो चुका है.”

लोगों को सता रहा ये डर: फरीदाबाद के पेट्रोल पंप मैनेजर प्रवीण यादव ने कहा कि, “10 दिनों के अंदर यह तीसरी बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़े हैं. लोगों को डर है कि आने वाले समय में और बढ़ोतरी हो सकती है, इसलिए अब लोग टंकी फुल करवा रहे हैं.” वहीं, पेट्रोल पंप कर्मी प्रदुमन तिवारी ने कहा कि, “सुबह से ही गाड़ियों की लाइन लगी हुई है. पहले लोग 200-400 रुपये का तेल डलवाते थे, लेकिन अब ज्यादातर लोग टंकी फुल करवा रहे हैं क्योंकि उन्हें आगे और बढ़ोतरी का डर है.”

भिवानी के ग्राहकों ने जताई नाराजगी: इधर, भिवानी में पेट्रोल भरवाने पहुंचे रामकिशन शर्मा और संदीप ने कहा कि, “जनता पहले से ही महंगाई से परेशान है. पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से सफर महंगा हो गया है. माल ढुलाई बढ़ने से हर चीज के दाम बढ़ेंगे और घर का बजट पूरी तरह बिगड़ जाएगा.”

कहीं लंबी लाइन तो कहीं पसरा सन्नाटा
सरकार से राहत की मांग: लगातार बढ़ती कीमतों के बीच आम लोगों ने सरकार से राहत देने की मांग तेज कर दी है. लोगों का कहना है कि सरकार को टैक्स में कटौती या अन्य नीतिगत फैसलों के जरिए पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करना चाहिए, ताकि जनता को राहत मिल सके.