पटना में बेखौफ अपराधियों ने पूर्व प्रमुख के भाई को मारी गोली, नाबालिग भी घायल; मची अफरातफरी

पटना: पटना में अपराधी ने पूर्व प्रमुख के भाई को गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गए। इस दौरान एक नाबालिग भी घायल हुआ है। फिलहाल दोनों को अस्पताल में भारती कराया गया है। पूर्व प्रमुख के भाई राजेश कुमार (28 वर्ष) को गर्दन में गोली लगी है, वहीं अंजेश कुमार (16 वर्ष) भी गोली से घायल हो गया है। घटना पटना जिले के पंडारक थाना अंतर्गत पैठानीचक गांव की है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना के संबंध में घायल राजेश कुमार ने बताया कि उसका आरोपी से कोई विवाद नही था, गुड्डू कुमार दारू पिए हुआ था और यह वहीं खड़े थे। उसी दौरान उसने अचानक गोली मार दी। दोनो का पूर्व में कोई विवाद नही था। घायल के दादा राम ललन महतो ने बताया कि उनका घर से कुछ दूरी पर ही पोते को गोली लगने की जानकारी मिली, आपस में गोली चलाई गई है। गोली चलते ही घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल हो गया। आनन-फानन में दोनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल बाढ़ लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनो घायलों को पीएमसीएच रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पंडारक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।

घटना के संबंध में थाना अध्यक्ष नवनीत राय का कहना है कि तीनो बैठकर आपस में बातचीत कर रहे थे। गुड्डू के पास कट्टा था। बातचीत के दौरान गोली लोड करने या चेक करने में फायरिंग हो गई, जिससे एक नाबालिग घायल हो गया। वही गोली पूर्व प्रमुख के भाई राजेश कुमार के गर्दन में लग गई। तीनों में कोई विवाद होने की जानकारी नही है।