ACB की बड़ी कार्रवाई: हरियाणा क्राइम पुलिस टीम को 6 लाख रुपये की नकदी के साथ पकड़ा

जयपुर: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने डीडवाना-कुचामन जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए हरियाणा के सिरसा साइबर क्राइम थाने की पुलिस टीम को छह लाख रुपये की संदिग्ध नकदी के साथ पकड़ा है. यह टीम कथित तौर पर साइबर क्राइम के मामलों की आड़ में लोगों को डरा-धमकाकर अवैध वसूली कर रही थी. ACB को मिली गोपनीय शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें टीम पर रिश्वत लेकर हरियाणा लौटने का आरोप लगा.

ACB के डीजी गोविंद गुप्ता ने रविवार को बताया कि मुख्यालय के निर्देश पर अजमेर इकाई ने शनिवार देर रात यह ऑपरेशन किया. पकड़ी गई टीम में सिरसा साइबर क्राइम थाने के सब-इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार और अन्य स्टाफ सदस्य शामिल हैं. वे वाहन नंबर HR 24 GV 2222 से यात्रा कर रहे थे.

गोपनीय सूचना पर हुई कार्रवाई: उन्होंने बताया कि ACB को गोपनीय जानकारी मिली थी कि हरियाणा पुलिस का यह स्टाफ हरियाणा में दर्ज साइबर क्राइम केस की जांच और आरोपियों की तलाश के बहाने राजस्थान आया हुआ है. जांच के दौरान टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों को धमकी देकर अवैध रिश्वत वसूल की और यह राशि लेकर वापस हरियाणा जा रही थी. यह मामला पुलिस की विश्वसनीयता पर सवाल उठाता है, क्योंकि साइबर क्राइम की जांच करने वाली टीम खुद अवैध गतिविधियों में लिप्त पाई गई.

तलाशी में मिली नकदी: सूचना मिलते ही अजमेर रेंज के SP महावीर सिंह राणावत के पर्यवेक्षण में ASP वंदना भाटी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. CI नरेंद्र सिंह की अगुवाई में टीम ने कुचामन सिटी थाना क्षेत्र के त्रिसिंगिया गांव के पास अचानक चेकिंग की. चेकिंग के दौरान हरियाणा पुलिस टीम के सदस्यों से छह लाख रुपये की नकदी बरामद हुई. टीम के सदस्य इस राशि का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि यह अवैध वसूली की रकम है. ADG स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में मामले की गहन जांच चल रही है. ACB आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है, जिसमें हरियाणा पुलिस से भी सहयोग मांगा जा सकता है.