7 करोड़ की संपत्ति… JDU कैंडिडेट पकंज पर 1 भी मुकदमा नहीं, लेकिन 51 लाख का है कर्ज

सीतामढ़ी: बिहार चुनाव में सीतामढ़ी की रुन्नीसैदपुर विधान सभा सीट से JDU प्रत्याशी पंकज कुमार मिश्र इन दिनों चर्चा में है. चुनाव आयोग के समक्ष दायर किए गए उनके शपथ-पत्र में खुलासा हुआ है कि पंकज के पास कुल घोषित संपत्ति 7 करोड़ 63 लाख 57 हजार 640 रुपये है. सबसे बड़ी बात ये है कि इतनी बड़ी संपत्ति होने के बावजूद पंकज कुमार मिश्र और उनकी पत्नी आमा कुमारी के नाम किसी तरह का हथियार का लाइसेंस नहीं है. साथ ही उन्होंने यह भी साफ-साफ घोषित किया है कि उनके ऊपर कोई भी आपराधिक मामला भी दर्ज नहीं है, न ही अतीत में किसी मामले में दोषी ठहराए गए हैं.

जानें कितनी है चल-अचल संपत्ति
पंकज कुमार के शपथ पत्र के अनुसार उनके पर 51 लाख 6 हजार 522 रुपये की उधारी है. जबकि उनकी पत्नी पर कोई देनदारी नहीं है. वहीं, उधारी घटाने के बाद पंकज मिश्र और उनके पत्नी की कुल संपत्ति (Net Worth) 7 करोड़ 12 लाख 51 हजार 118 रुपये घोषित की गई है. चल संपत्ति की बात करें तो कुल 3 करोड़ 16 लाख 10 हजार 740 रुपये की संपत्ति में नकदी, बैंक जमा, निवेश, सोना-चांदी और बीमा पॉलिसियों जैसे मद शामिल हैं.

2-2 लाख रुपये दंपति के पास है कैश
वहीं, हाथ में नकदी के रूप में पंकज कुमार मिश्र और उनकी पत्नी के पास 2-2 लाख रुपये है. बैंक खातों, वित्तीय संस्थानों और एनबीएफसी में जमा राशि कुल 20 लाख रुपये से अधिक बताई गई है, जबकि सोना-चांदी के आभूषण और बीमा-निवेश का पूरा विवरण हलफनामे के अतिरिक्त पृष्ठों पर अंकित है.

जानें कितने करोड़ की है जमीन
इस शपथ-पत्र के अनुसार, अचल संपत्ति के मामले में पंकज कुमार मिश्र के पास लगभग 4 करोड़ रुपये की जमीन एवं मकान है. जबकि उनकी पत्नी आमा कुमारी के नाम 47 लाख 46 हजार 900 रुपये की अचल संपत्ति है. इसमें आवासीय एवं गैर-आवासीय मकान, प्लॉट और अन्य भू-संपत्तियों का विस्तृत विवरण हलफनामे में दर्ज किया गया है. बता दें कि पंकज कुमार मिश्र और उनकी पत्नी के स्वामित्व वाले मोटर वाहनों का ब्योरा भी बताया गया है.

बिहार चुनाव में प्रत्याशियों की आर्थिक स्थिति हमेशा से मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण विषय रही है. ऐसे में पंकज कुमार मिश्र की यह ‘करोड़पति कुंडली’ सूबे की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है. आर्थिक रूप से मजबूत और कानूनी रूप से साफ छवि के साथ मैदान में उतरे पंकज कुमार मिश्र आगामी चुनाव में अपनी राजनीतिक दावेदारी को और मजबूती देते नजर आ रहे हैं.