बिहार के मतदाता ताबड़तोड़ दबा रहे ईवीएम के बटन, दोपहर 3 बजे तक 60.40 प्रतिशत हुआ मतदान

Bihar Chunav 2025 Phase 2 Voting Live Updates: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए ताबड़तोड़ मतदान हो रहा है. इस बार लगता है कि बिहार में मतदान के सारे रिकॉर्ड टूट जाएंगे. ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं कि दोपहर बाद 3 बजे तक बिहार में दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव में 60.40 प्रतिशत लोग मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे. यह आंकड़ा और बढ़ेगा. इस चरण में दो पूर्व उप मुख्यमंत्री (तार किशोर प्रसाद एवं रेणु देवी) और नीतीश कुमार के 10 मंत्रियों के अलावा तीन दलों के प्रदेश अध्यक्ष भी मैदान में हैं. दूसरे और आखिरी चरण में कुल 3,70,13,556 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जिनमें से 5,28,954 मतदाता पहली बार वोटिंग करेंगे. इस चरण के पुरुष मतदाताओं की बात करें तो इनकी संख्या 1,95,44,041 है, जबकि 1,74,68,572 महिला वोटर हैं.

बिहार के कटिहार में कांग्रेस विधायक दल के नेता और कदवा विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी शकील अहमद खान ने मौजूदा एनडीए सरकार के सत्ता से बाहर होने का बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा, “मौजूदा (एनडीए) सरकार जा चुकी है, और ये सच्चाई है कि नई सरकार बनेगी.” खान ने पहले चरण के मतदान का हवाला देते हुए कहा कि पिछले चुनाव में जिन क्षेत्रों में महागठबंधन की सीटें कम हुई थीं, वहां से इस बार उन्हें काफी उम्मीद है. उन्होंने दृढ़ता से कहा कि इस बार महागठबंधन की सीटें बढ़ेंगी और गठबंधन को बहुमत से भी ज़्यादा सीटें हासिल होंगी.

बिहार के पूर्णिया जिले की मधुबनी में लोकतंत्र की मजबूती का एक प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला. यहां 90 वर्षीय एक बुजुर्ग मतदाता अपने परिजनों के साथ व्हीलचेयर पर बैठकर मतदान केंद्र पर पहुंचे और अपना वोट डाला. मतदान करने के बाद, बुजुर्ग मतदाता ने कहा कि भले ही वह शारीरिक रूप से अस्वस्थ हैं, लेकिन लोकतंत्र की मजबूती के लिए उनकी भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण है. उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने देश के विकास को ध्यान में रखकर अपना मतदान किया है.

सुपौल जिले की पिपरा विधानसभा के ठाढ़ी धत्ता टोला (बूथ संख्या 95) पर वोट बहिष्कार कर रहे नाराज ग्रामीणों ने आखिरकार मतदान शुरू कर दिया. ग्रामीणों ने गांव में पुल नहीं बनने के कारण आक्रोश में आकर मतदान का बहिष्कार किया था. उनकी मुख्य मांग गांव में पुल निर्माण की थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए, जिलाधिकारी (DM) सावन कुमार ने तुरंत हस्तक्षेप किया. DM सावन कुमार ने ग्रामीणों से वीडियो कॉल के जरिए बात की और उन्हें समुचित आश्वासन दिया कि उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा. डीएम के आश्वासन पर भरोसा करते हुए, ग्रामीणों ने करीब दो बजे से अपना वोट डालना शुरू कर दिया.

Bihar Chunav 2025 LIVE Update: दूसरे और अंतिम चरण में दोपहर 3 बजे तक 60.40 प्रतिशत हुआ मतदान

अररिया- 59.80
अरवल- 58.26
औरंगाबाद- 60.59
बांका- 63.03
भागलपुर- 58.37
गया- 62,74
जहानाबाद- 58.72
जमुई- 63.33
कैमूर- 62.26
कटिहार- 63.80
किशनगंज- 66.10
मधुबनी- 55.53
नवादा- 53.17
पश्चिम चंपारण- 61.99
पूर्णिया- 64.22
पूर्वी चंपारण- 61.92
रोहतास- 55.92
शिवहर- 61.85
सीतामढ़ी- 58.32
सुपौल- 62.06