नशे में धुत ट्रक चालक ने खोखों में घुसाया ईंटों से भरा ट्रक, आग से मचा हड़कंप

राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास कस्बे में सोमवार देर रात आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया. इस घटना में एक शराबी ट्रक ड्राइवर ने बड़ी तबाही मचा दी. ईंटों से भरा एक तेज रफ़्तार ट्रक बस स्टैंड के पास तोप सर्किल पर सड़क किनारे बने लकड़ी के खोखों में जा घुसा. देर रात करीब 11 बजे हुए यह हादसा इतना ज़बरदस्त था कि टक्कर के तुरंत बाद ही ट्रक और खोखों में भीषण आग लग गई. आग की लपटें देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई.

तीन दमकलों की टीम ने बुझाई आग
हादसे और आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और तीन दमकलों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं. पुलिस और दमकलकर्मियों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

नशे में था ड्राइवर
थानाधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य के काम को शुरु करवाया. साथ ही बताया कि शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि ट्रक चालक रफीक खान, निवासी लाडपुर (रामगढ़), हादसे के वक्त नशे में था. टक्कर के कारण गंभीर रूप से घायल हुए रफीक खान को तुरंत सीएचसी किशनगढ़बास में भर्ती कराया गया है. जहां उसकी इलाज किया जा रहा है. वही दूसरी तरफ पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है. दुर्घटना से इलाके के व्यापारियों को बड़ा नुकसान हुआ है, जिसकी जांच जारी है.