जयपुर. राजस्थान की भजनलाल सरकार अगले महीने दिसंबर में प्रदेश के युवाओं को बड़ा तोहफा देने जा रही है. राजस्थान सरकार की ओर से दिसंबर माह में रोजगार उत्सव का आयोजन कर उसमें 20 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे. रोजगार उत्सव का यह आयोजन प्रदेशभर में रोजगार और आत्मनिर्भरता का नया अध्याय खोलेगा. सीएम भजनलाल शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित भर्तियों को जल्द पूरा कर पात्र अभ्यर्थियों को जल्द से जल्द नौकरी देने के निर्देश दिए हैं.
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि युवा शक्ति ही राजस्थान की सबसे बड़ी ताकत है. सरकार का प्रयास है कि हर योग्य युवा को सम्मानजनक रोजगार मिले ताकि उसकी ऊर्जा प्रदेश निर्माण में लग सके. दिसंबर के महीने में राज्यभर में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों में विभिन्न विभागों की चयन प्रक्रियाएं पूरी कर अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे.
इन विभागों में दी जाएगी नियुक्तियां
सीएम की पहल पर रोजगार उत्सव के दौरान जेल विभाग में 900 जेल प्रहरी, पशुपालन विभाग में 2,500 पशुधन सहायक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में लगभग 14,000 पदों, ग्रामीण विकास विभाग में करीब 2,600 पदों और खान विभाग में 100 से अधिक पदों पर युवाओं को नियुक्तियां दी जाएगी. वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में अब तक लगभग 92 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं. अगले दिसंबर महीने में 20 हजार अतिरिक्त नियुक्ति पत्र प्रदान करने के बाद वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कुल एक लाख 12 हजार युवाओं को नियुक्तियां मिल जाएगी.
भर्ती से जुड़े सभी कार्य समय पर और पारदर्शी ढंग से पूरे किए जाएं
सीएम अधिकारियों को कहा है कि भर्तियों से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं विज्ञापन जारी करने से लेकर परीक्षा आयोजन, परिणाम घोषणा और दस्तावेज सत्यापन तक का कार्य समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूरा किया जाए. इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि जरुरी हो तो इसके लिए अतिरिक्त कर्मचारी और संसाधन लगाए जाएं ताकि युवाओं को नौकरी देने में किसी तहर की देरी न हो.
युवाओं को रोजगार दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने विश्वास जताया कि दिसंबर में आयोजित होने वाला ‘रोजगार उत्सव’ हजारों परिवारों के जीवन में नई उम्मीद की किरण जगाएगा. यह आयोजन प्रदेश की नई रोजगार नीति का प्रतीक बनेगा. सरकार, उद्योग और समाज मिलकर युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेंगे.