हिमाचल में पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती के अभ्यर्थियों को मिलेगी मुफ्त कोचिंग, 800 पदों के लिए सरकार का बड़ा फैसला

शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश पुलिस में 800 कॉन्स्टेबल पदों पर होने वाली भर्ती के अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क लिखित परीक्षा, शारीरिक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है। इन पदों के लिए हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 9 जुलाई 2026 को भर्ती का विज्ञापन जारी किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का युवा प्रतिभाशाली, अनुशासित और मेहनती है। सरकार का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि युवाओं को प्रतियोगी भर्ती परीक्षाओं में सफल बनाने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देना भी है। उन्होंने कहा कि आर्थिक या भौगोलिक परिस्थितियां किसी भी योग्य अभ्यर्थी की सफलता में बाधा नहीं बननी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिए हैं कि राज्य की सभी सशस्त्र पुलिस वाहिनियों में इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएं। इनमें भर्ती प्रक्रिया की जानकारी, लिखित परीक्षा की तैयारी, शारीरिक दक्षता परीक्षा, व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और प्रेरक सत्रों सहित चयन प्रक्रिया के सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर अनुभवी पुलिस अधिकारी और प्रशिक्षक मार्गदर्शन देंगे।

सरकार का मानना है कि इस पहल से ग्रामीण, दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों के उन युवाओं को विशेष लाभ मिलेगा, जिन्हें बेहतर कोचिंग सुविधाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हो पातीं। इससे प्रदेश के अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं को पुलिस भर्ती में सफलता मिलने की संभावना बढ़ेगी और पुलिस विभाग को प्रशिक्षित, अनुशासित व जनसेवा के प्रति समर्पित जवान मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का युवा ही हिमाचल का भविष्य और सबसे बड़ी ताकत है। राज्य सरकार युवाओं को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने और उनके सपनों को साकार करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

पुलिस विभाग जल्द ही प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा, प्रशिक्षण केंद्र, समय-सारिणी और पंजीकरण प्रक्रिया जारी करेगा। इच्छुक अभ्यर्थियों से अपने निकटतम सशस्त्र पुलिस वाहिनी, जिला पुलिस कार्यालय और पुलिस विभाग के आधिकारिक माध्यमों से जारी सूचनाओं पर नजर रखने की अपील की गई है।