बिहार में नई सरकार गठन से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई IAS-IPS अधिकारी दिल्ली तलब

पटना: बिहार में नई सरकार के गठन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे से ठीक पहले ब्यूरोक्रेसी में बड़ी हलचल शुरू हो गई है. केंद्र सरकार ने अधिसूचना जारी कर बिहार कैडर के कई प्रभावशाली आईएएस (IAS) और आईपीएस (IPS) अधिकारियों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति (Central Deputation) पर बुला लिया है. केंद्र द्वारा जारी पहली लिस्ट में सीएम नीतीश के सबसे भरोसेमंद अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं.

प्रमुख अधिकारियों की नई पोस्टिंग:
अनुपम कुमार (IAS 2003): मुख्यमंत्री के सचिव और सबसे विश्वसनीय अधिकारी अनुपम कुमार को ऊर्जा मंत्रालय में ज्वाइंट सेक्रेटरी बनाया गया है. वंदना प्रेयसी (IAS): इन्हें फर्टिलाइजर विभाग में ज्वाइंट सेक्रेटरी के पद पर तैनात किया गया है.

केश राठी (IPS): इन्हें केंद्रीय गृह मंत्रालय में ज्वाइंट सेक्रेटरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
प्रतिमा एस. वर्मा (IAS): इन्हें मिनिस्ट्री ऑफ ट्राइबल अफेयर्स (जनजातीय कार्य मंत्रालय) में कमिश्नर नियुक्त किया गया है. खास बात यह है कि अनुपम कुमार और प्रतिमा एस. वर्मा (दंपति) को एक साथ केंद्रीय प्रतिनियुक्ति की मंजूरी मिली है. श्रवनन एम (IAS): इन्हें स्पेस (अंतरिक्ष) विभाग में ज्वाइंट सेक्रेटरी बनाया गया है.

ब्यूरोक्रेसी में फेरबदल के मायने
आज 14 अप्रैल को दोपहर 3 बजे नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले हैं और कल 15 अप्रैल को भाजपा के नेतृत्व में नई सरकार का शपथ ग्रहण होना है. सत्ता परिवर्तन से ऐन पहले इतने बड़े स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों का केंद्र में जाना प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है.

राज्य सरकार ने पहले ही आधा दर्जन से ज्यादा अधिकारियों को रिलीव करने की स्वीकृति दे दी थी. माना जा रहा है कि जल्द ही दूसरी लिस्ट भी जारी हो सकती है. जिसमें कई अन्य वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के नाम शामिल होंगे. नई सरकार के आने से पहले इस फेरबदल को भविष्य की प्रशासनिक कार्यशैली से जोड़कर देखा जा रहा है.