साउथ बिहार एक्सप्रेस में बड़ी चोरी, नई नवेली दुल्हन के 30 लाख के जेवर पार; थर्ड एसी कोच में वारदात

मोकामा। पटना-मोकामा-झाझा रेलखंड पर चोरों के हौसले बुलंद हैं।रेल और आरपीएफ पुलिस की तमाम सुरक्षा-व्यवस्था के बावजूद चोरी की वारदातों पर लगाम नहीं लग रही है।रविवार की रात्रि भी चोरों ने पटना निवासी एक महिला यात्री के आभूषण भरे बैग पर हाथ साफ कर दिया।बैग में करीब तीस लाख रुपये के सोने के आभूषण और पचास हजार रुपये कैश रखे थे। चोरी की यह वारदात ट्रेन के थर्ड एसी कोच में हुई है। चोरी की इस घटना की खबर मिलते ही रेल प्रशासन में खलबली मच गयी। पटना पूर्वी रेल डीएसपी विनोद कुमार ने जीरो प्राथमिकी मिलने पर कार्यवाई की बात कही है।

पिता के साथ जा रही थी जमशेदपुर
जानकारी के अनुसार,बक्सर से विलासपुर जा रही 13288 डाउन साउथ बिहार एक्सप्रेस से ऋचा कुमारी अपने पति स्वराज सुमन के साथ उक्त कोच से जमशेदपुर के गोलमुरी इलाके में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी। ऋचा कुमारी दानापुर स्टेशन से ट्रेन पर सवार हुई थी और हाल ही में स्वराज सुमन से इनकी शादी हुई है। इसलिए इनके पास शादी समारोह में पहनने के लिए करीब बीस भर सोने के आभूषण और रास्ते में खर्च के लिये पचास हजार रुपये कैश भी थे।

जमशेदपुर रेल थाना में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार,पीड़िता को मोकामा से ट्रेन के खुलने के बाद बैग चोरी की जानकारी हुई।सोमवार को पीड़ित ऋचा कुमारी ने सुबह दस बजे के करीब जीरो प्राथमिकी दर्ज कराई है।मामला दर्ज होते ही जमशेदपुर रेल पुलिस जीरो प्राथमिकी मोकामा रेल थाना को भेजने की कार्यवाई में जुट गयी है। इस संबंध में पटना पूर्वी रेल डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि अभी तक जीरो प्राथमिकी प्राप्त नहीं हुई है।आवेदन मिलने पर पीड़ित महिला से पूछताछ कर कानूनी कार्यवाई शुरु की जायेगी।

मामले की जांच शुरु कर दी गई
मोकामा रेल थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में लिखित रूप में नहीं है। लेकिन मामले की जांच शुरु कर दी गयी है।इसके पहले भी अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस से कजरा निवासी एक यात्री के करीब पचास लाख रुपये के आभूषण की चोरी की वारदात हुई थी। बरौनी-हाथीदह-किऊल रेल खंड पर भी पिछले माह सोने के आभूषण की लूट का मामला दर्ज हुआ,जिसका उद्भेदन हाथीदह रेल पुलिस और मोकामा आरपीएफ ने किया।ट्रेनों में आभूषण चोरी और लूटपाट की हो रही घटना से यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गये हैं।