सारण: बिहार के छपरा में बुधवार की सुबह 5:30 बजे बड़ा हादसा हुआ. पिकअलप पलटने से 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. घटना छपरा-रिविलगंज मार्ग पर भगवान बाजार थाना के डॉ. पीएन सिंह डिग्री कॉलेज के पास हुई है. घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया है. जानकारी के अनुसार पिकअप में ऑर्केस्ट्रा के कर्मी सवार थे.
छपरा में सड़क हादसा: छपरा एडिशनल एसपी ने घटना की पुष्टि की है. बताया कि पिअकप पर कई लोग सवार थे. सभी उत्तर प्रदेश के बताये जा रहे हैं. गाड़ी भी उतर प्रदेश की है. एक शादी समारोह में कार्यक्रम के बाद सभी ऑर्केस्ट्रा कर्मी पिकअप में सवार होकर लौट रहे थे. डॉ. पीएन सिंह डिग्री कॉलेज के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गयी. कई लोग सड़क पर गिर पड़े. इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने सभी को कुचल दिया. इस घटना में तीन महिला समेत 4 लोगों की मौत हो गयी.
छपरा सदर अस्पताल में पुलिस
“ऑर्केस्ट्रा टीम की गाड़ी से हादसा हुआ है. इस घटना में अब तक 4 लोगों की मौत हुई है. 6 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. इनमें कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है.” राम पुकार सिंह, एडिशनल एसपी, छपरा
सड़क पर बिछ गयी लाशें: हादसा इतना जबरदस्त था कि मृतकों की लाशें सड़क पर बिछ गयीं. स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को उठाना शुरू किया. मृतकों के शव को सड़क किनारे लगाया और स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी. घटना की सूचना मिलते ही डायल 112, भगवान बाजार और रिविलगंज पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया.
घायल बच्चों का हाल जानते एसपी
महिला समेत चार की मौत : छपरा सदर अस्पताल में इलाजरत घायल दिलीप ने बताया कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग वापस जा रहे थे, तभी वाहन पलट गया और उसके बाद पीछे से आए ट्रक ने लोगों को रौंद दिया. मृतकों की पहचान राहुल, प्रीति, सोनी और सुनीता समेत चार लोगों के रूप में हुई है. सभी बलिया जिले के नरही क्षेत्र में संचालित ‘मुस्कान आर्केस्ट्रा’ में काम करते थे. आर्केस्ट्रा टीम छपरा के भगवान बाजार थाना क्षेत्र स्थित छोटा ब्रह्मपुर में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने आई थी.
एसपी ने घायलों का हाल जाना: सारण एसपी विनीत कुमार सदर अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना. बेहतर इलाज करने की बात कही. मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद आगे की कार्रवाई का निर्देश दिया है.