बिहार में MBBS डॉक्टर ने की आत्महत्या, पिता की बंदूक से सिर में मारी गोली

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर से बड़ी दर्दनाक घटना सामने आई है. दरअसल बीती शुक्रवार रात काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के जैतपुर कॉलोनी में एक MBBS डॉक्टर ने पिता की लाइसेंसी बंदूक से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों के साथ डॉक्टर ने किया था नाश्ता: मिली जानकारी के अनुसार मृतक डॉक्टर की पहचान आशुतोष कुमार चंद्र उम्र 25 साल के रूप में हुई है. आशुतोष शाम 6 बजे ड्यूटी से लौटे थे. इसके बाद उन्होंने परिवार वालों के साथ बैठकर नाश्ता किया और फिर वो अपने कमरे में चले गए.

पीजी परीक्षा असफल होने से तनाव में थे डॉक्टर: बताया जा रहा है कि आशुतोष (मृतक) ने हाल ही में एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद एक सप्ताह पहले ही शहर के एक निजी अस्पताल में नौकरी ज्वाइन की थी. इसी बीच लगभग दस दिन पहले पीजी परीक्षा का रिजल्ट आया था, जिसमें वे असफल हो गए थे. इसके बाद से ही वो तनाव में चल रहे थे.

”आशुतोष एक मिलनसार और मेहनती था. उसने कम समय में ही अपने पेशे में अच्छी शुरुआत की थी. बीती शुक्रवार रात उसने पारिवारिक लाइसेंसी दो नाली बंदूक से खुद के सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली”. -परिजन

जांच में जुटी पुलिस: घटना के संबंध में पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों समेत पड़ोसियों से पूछताछ शुरू की, ताकि घटना का स्पष्ट कारण पता चल सके. इसके अलावा साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया.

”हमें खुदकुशी की सूचना मिली थी. जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. आशुतोष कुमार चंद्र हाल ही में अस्पताल से जुड़े हुए थे और पीजी परीक्षा में असफल होने से परेशान थे. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है”. -सुरेश कुमार, टाउन डीएसपी