अमेरिका की अमेजन नदी की मछली फटक कर पहुंची बिहार! कोलासी नदी में मिली ‘सकरमाउथ कैटफिश’

कटिहार: बिहार के कटिहार जिले में इन दिनों एक अजीबोगरीब मछली चर्चा का विषय बनी हुई है. कोलासी नदी में मछुआरों को एक ऐसी मछली मिली है जो आमतौर पर अमेरिका की अमेज़न नदी में पाई जाती है. इस दुर्लभ मछली को देखकर मछुआरे हैरान भी हैं और परेशान भी.

पेशे से मछुआरे पारस महालदार ने बताया कि 42 साल के अपने करियर में उन्होंने ऐसी मछली कभी नहीं देखी. बीते दिनों जब उन्होंने कोलासी नदी में अपना जाल लगाया, तो उन्हें यह अजूबा मछली मिली. मछली के बारे में जानकारी न होने पर उन्होंने इसकी तस्वीरें कई लोगों को भेजीं. जिसके बाद इसका नाम ‘सकरमाउथ कैटफिश‘ पता चला.

क्यों है यह मछली ख़ास?
यह मछली अपनी बनावट के कारण अन्य मछलियों से बिल्कुल अलग है. यह काफी कठोर और कांटेदार होती है. जिस कारण इसे पकड़ना मुश्किल होता है. इसका स्वाद भी अच्छा नहीं होता, इसलिए लोग इसे खाने के लिए इस्तेमाल नहीं करते. करीब एक किलो वजनी यह मछली देखने में अजीब लगती है. पारस बताते हैं कि इस मछली के ऊपर चार आंखें जैसी संरचनाएं बनी हुई हैं. जिससे यह और भी अनोखी दिखती है.

परेशान हुए मछुआरे, चाहते हैं वन विभाग का सहयोग
मछली को देखने के लिए दूर-दूर से लोग आ रहे हैं. पारस ने इसे अब भी पानी में ज़िंदा रखा है और खाने के लिए चारा भी दे रहे हैं. हालांकि, वह इस बात से परेशान हैं कि बार-बार छूने से मछली के पंख टूट रहे हैं और उसके चेहरे पर दाग पड़ रहे हैं. पारस ने उम्मीद जताई है कि अगर वन विभाग या मछली पालन विभाग के अधिकारी उनसे संपर्क करेंगे, तो वह इस दुर्लभ मछली को उन्हें सौंप देंगे. यह घटना कटिहार में कौतूहल का विषय बनी हुई है और इलाके में खूब चर्चा हो रही है.