मोकामा दुलारचंद मर्डर: चुनाव आयोग ने SP, SDO समेत 4 अफसरों को हटाया, एक SDPO सस्पेंड

पटना. बिहार चुनाव के बीच प्रचार के दौरान मोकामा में जन सुराज के समर्थक दुलारचंद यादव हत्याकांड में चुनाव आयोग ने बड़ा ऐक्शन लिया है। इस मामले में एसपी, SDO समेत 4 अफसरों को हटाया है। जबकि एक SDPO को सस्पेंड किया गया है। इस मामले में आयोग ने डीजीपी विनय कुमार से रिपोर्ट भी तलब की है।

वहीं राकेश कुमार एसडीपो, बाढ़-1 को डिप्टी एसपी सीआईडी भेजा गया है। अभिषेक सिंह एसडीपोओ, बाढ़-2 को डिप्टी एसपी एटीएस नियुक्त किया गया है। साथ ही तत्काल प्रभाव से निलंबित भी किया गया है। इसके अलावा पटना एसपी (ग्रामीण) का भी तबादला किया गया है।

गोली लगने नहीं हुई मौत- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट वहीं पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि दुलारचंद की मौत गोली लगने से नहीं हुई। शव को शुक्रवार को भारी सुरक्षा के बीच बाढ़ अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। वहां तीन डॉक्टरों के मेडिकल बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों के मुताबिक, दुलारचंद की एड़ी में लगी गोली आरपार हो गई थी। हालांकि मौत की वजह गोली लगना नहीं है, बल्कि गाड़ी से कुचलने और पिटाई के कारण लगी चोट है।

चुनाव प्रचार में हुई थी दुलारचंद की हत्या आपको बता दें गुरुवार को मोकामा विधानसभा क्षेत्र के जनसुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के चुनाव प्रचार के दौरान घोसवरी के तारतर गांव निवासी दुलारचंद यादव की गुरुवार को गोली मारने के बाद वाहन से कुचल कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में भदौर थाने में अलग-अलग तीन प्राथमिकी दर्ज की गई है। दुलारचंद के पोते की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व विधायक सह जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह समेत पांच पर केस दर्ज किया था।