नीरज कुमार सिन्हा होंगे बांकीपुर से BJP के नए उम्मीदवार, भाजपा ने किया ऐलान

पटना. बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर अभिषेक सिन्हा के नामांकन वापस लेने के बाद बीजेपी ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है. बीजेपी ने नीरज कुमार सिन्हा को बांकीपुर विधानसभा सीट से अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से शुक्रवार (10 जुलाई) को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी घोषणा की गई. भाजपा की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार बिहार की 182-बांकीपुर विधानसभा सीट से नीरज कुमार सिन्हा चुनाव लड़ेंगे.

बांकीपुर सीट पर भाजपा के उम्मीदवार की घोषणा ऐसे समय हुई है, जब यह उपचुनाव बिहार की सबसे चर्चित राजनीतिक लड़ाइयों में से एक माना जा रहा है. आज ही भाजपा उम्मीदवार अभिषेक सिन्हा उर्फ अभिषेक बंटी ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपना नामांकन वापस ले लिया था. इसके बाद से पार्टी के नए उम्मीदवार को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही थीं. अब भाजपा ने इन सभी चर्चाओं पर विराम लगाते हुए नीरज कुमार सिन्हा के नाम पर मुहर लगा दी है.

पार्टी ने इस बार किसी बड़े चेहरे के बजाय संगठन से जुड़े पुराने और सक्रिय कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है. नीरज कुमार सिन्हा लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय रहे हैं. वह दो बार मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में नरेंद्र भारती मंडल के अध्यक्ष हैं. संगठन के स्तर पर उनकी सक्रियता और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें उपचुनाव में मौका दिया है.

जनसंघ काल से जुड़ा है परिवार
नीरज कुमार सिन्हा का परिवार शुरू से ही जनसंघ और भाजपा की विचारधारा से जुड़ा रहा है. बताया जाता है कि उनके दादा जनसंघ काल के कार्यकर्ता थे और संगठन के विस्तार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी. यही वजह है कि उनके दादा के सम्मान में इलाके के पार्टी संगठन का नाम ‘नरेंद्र भारती मंडल’ रखा गया. अब उसी मंडल का नेतृत्व कर रहे नीरज कुमार सिन्हा को भाजपा ने विधानसभा चुनाव का टिकट देकर संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं को बड़ा संदेश देने की कोशिश की है.