पटना/नई दिल्ली. बिहार की राजनीति इस समय बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिल्ली दौरे और राज्यसभा जाने के फैसले के बाद राज्य में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. इसी के साथ बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर कई नाम चर्चा में हैं और एनडीए के भीतर मंथन जारी है. नीतीश कुमार आज दिल्ली के लिए रवाना होंगे. 10 अप्रैल को वे राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेंगे. इसे बिहार की सक्रिय राजनीति से राष्ट्रीय राजनीति की ओर उनका बड़ा कदम माना जा रहा है.
नीतीश कुमार के दिल्ली पहुंचने के बाद उनकी मुलाकात गृह मंत्री अमित शाह समेत बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से हो सकती है. इस बैठक में बिहार में नई सरकार के गठन, मुख्यमंत्री के चेहरे और सत्ता संतुलन पर चर्चा होने की संभावना है. बताया जा रहा है कि इस अहम बैठक में बिहार बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी दिल्ली पहुंचेंगे. इसके अलावा संजय सरावगी, विजय कुमार सिन्हा समेत अन्य नेताओं की मौजूदगी में नए नेतृत्व को लेकर अंतिम रणनीति तय की जा सकती है. बैठक का मुख्य फोकस यही रहेगा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा और डिप्टी सीएम पद पर किन चेहरों को मौका मिलेगा. इन सभी नेताओं का अलग-अलग सामाजिक और राजनीतिक आधार है, जिसे ध्यान में रखते हुए पार्टी अंतिम फैसला लेगी.
सामाजिक समीकरण सबसे बड़ा फैक्टर
बीजेपी और एनडीए के सामने सबसे बड़ी चुनौती सामाजिक संतुलन साधने की है. ओबीसी, सवर्ण, दलित और महिला प्रतिनिधित्व जैसे पहलुओं को ध्यान में रखते हुए ऐसा चेहरा चुनने की कोशिश होगी, जो सभी वर्गों में स्वीकार्य हो और राजनीतिक संदेश भी मजबूत दे सके.
बिहार में नई सरकार का टाइमलाइन!
जानकारी के मुताबिक, 13 अप्रैल को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मौजूदा कार्यकाल की आखिरी कैबिनेट बैठक हो सकती है. इस बैठक में कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं और मौजूदा सरकार के कामकाज की औपचारिक समीक्षा भी की जाएगी. सूत्रों के अनुसार, 14 अप्रैल को नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं. यह कदम बिहार में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ करेगा. माना जा रहा है कि इस्तीफे के तुरंत बाद नई सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. बताया जा रहा है कि 15 अप्रैल को बिहार को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है. शपथ ग्रहण समारोह पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित किए जाने की संभावना है. इस समारोह को भव्य बनाने की तैयारी भी शुरू हो चुकी है.
कौन होगा बिहार का अगला मुख्यमंत्री?
एनडीए (NDA) सूत्रों के मुताबिक, बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में सबसे मजबूत दावेदार सम्राट चौधरी को माना जा रहा है. पार्टी के भीतर उनके नाम पर लगभग सहमति बन चुकी है. यदि सब कुछ तय रणनीति के अनुसार चलता है, तो सम्राट चौधरी का मुख्यमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है. हालांकि, आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन जिस तरह से राजनीतिक संकेत मिल रहे हैं, उससे साफ है कि बीजेपी एक मजबूत और सक्रिय चेहरे को आगे बढ़ाना चाहती है.