हरियाणा सरकार ने बुधवार (8 अप्रैल) को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 15 अधिकारियों का तबादला कर दिया. ये तबादले तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए. सरकारी आदेश के अनुसार, विनीत गर्ग को मुद्रण एवं लेखन सामग्री विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है. वह अब तक राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष का पदभार संभाल रहे थे. गुरुग्राम के उपायुक्त (DC) अजय कुमार का तबादला कर उन्हें डिप्टी प्रिंसिपल सेक्रेटरी-2 के रूप में नियुक्त किया गया है.
हरियाणा के मुख्यमंत्री के डिप्टी प्रिंसिपल सेक्रेटरी-2 एक नया पद है. अजय कुमार नवंबर 2024 से गुरुग्राम के DC के रूप में कार्यरत थे. उत्तम सिंह को गुरुग्राम का DC बनाया गया है. रोहतक के नगर निगम आयुक्त और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) प्रशासक के पद से हटाकर, आनंद कुमार शर्मा को करनाल का नया DC बनाया गया है. इस पद पर पहले उत्तम सिंह तैनात थे.
किन अहम अधिकारियों का ट्रांसफर कहां हुआ?
वहीं, प्रधान सचिव (सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग) पंकज अग्रवाल को वास्तुकला विभाग में प्रधान सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है. पहले इस पद पर अपूर्व कुमार सिंह तैनात थे. सरकारी आदेश में कहा गया है कि मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव तथा विकास एवं पंचायत विभाग के आयुक्त एवं सचिव का पदभार संभाल रहे साकेत कुमार को अभिलेखागार विभाग में आयुक्त एवं सचिव के रूप में स्थानांतरित किया गया है. इस पद के कार्यभार से शेखर विद्यार्थी को मुक्त किया गया है.
वहीं, मणि राम शर्मा को स्वास्थ्य विभाग में सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है. अतुल कुमार, जो परिवहन सचिव थे, उन्हें वित्त विभाग का कमिश्नर और सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. वहीं, श्रम आयुक्त दुस्मंत्र कुमार बेहरा को स्थानांतरित करके राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग का सचिव बनाया गया है. मणि राम शर्मा को सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार के पद से हटाकर स्वास्थ्य विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है.