BPSSC Bihar Sub Inspector Recruitment 2026: बिहार पुलिस में सब इंस्पेक्टर (SI) बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने Prohibition, Excise and Registration विभाग में सब इंस्पेक्टर के 78 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 27 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है. इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट – bpssc.bih.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की आखिरी तारीख 27 फरवरी 2026 रखी गई है.
यह भर्ती बिहार सरकार के प्रोहिबिशन, एक्साइज और रजिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट के लिए निकाली गई है. इसके तहत कुल 78 सब इंस्पेक्टर के पद भरे जाएंगे. सेलेक्शन प्रोसेस पूरी तरह परीक्षा और मेरिट के आधार पर होगा.
क्या होनी चाहिए शैक्षणिक योग्यता?
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएट होना जरूरी है. ध्यान दें कि फाइनल ईयर के छात्र आवेदन के लिए एलिजिबल नहीं होंगे.
क्या तय की गई है उम्र सीमा?
उम्मीदवार की उम्र की गणना 1 अगस्त 2025 से की जाएगी. अलग-अलग वर्गों के लिए उम्र सीमा इस प्रकार है:
– सामान्य वर्ग के पुरुष: 20 से 37 वर्ष
– सामान्य वर्ग की महिलाएं: 20 से 40 वर्ष
– पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग (पुरुष व महिला): 20 से 40 वर्ष
– SC, ST और थर्ड जेंडर उम्मीदवार: 20 से 42 वर्ष
कैसे होगा सेलेक्शन? जानिए पूरा प्रोसेस
BPSSC SI भर्ती 2026 में चयन तीन चरणों में किया जाएगा. पहले उम्मीदवारों को प्रीलिम्स परीक्षा देनी होगी. इसके बाद मेंस परीक्षा आयोजित की जाएगी और अंत में फिजिकल टेस्ट लिया जाएगा.
प्रीलिम्स परीक्षा का पैटर्न
प्रीलिम्स परीक्षा में 200 अंकों का एक पेपर होगा, जिसमें 100 मल्टिपल चॉइस प्रश्न पूछे जाएंगे. परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी. सवाल जनरल नॉलेज और करंट अफेयर्स से जुड़े होंगे. इसमें 30 प्रतिशत से कम अंक लाने वाले उम्मीदवार मेंस परीक्षा के लिए चयनित नहीं होंगे. प्रीलिम्स के आधार पर रिक्तियों के 20 गुना उम्मीदवारों को मेंस के लिए बुलाया जाएगा.
मेंस परीक्षा की पूरी डिटेल
मेंस परीक्षा में दो पेपर होंगे. पहला पेपर सामान्य हिंदी का होगा, जो 200 अंकों का होगा. इसमें 30 प्रतिशत अंक लाना जरूरी है, लेकिन इसके अंक मेरिट में नहीं जुड़ेंगे. दूसरा पेपर जनरल स्टडीज, जनरल साइंस, हिस्ट्री, ज्योग्राफी, मैथ और मेंटल एबिलिटी से जुड़ा होगा. यह भी 200 अंकों का होगा और इसी के आधार पर मेरिट बनेगी.
नेगेटिव मार्किंग का नियम
प्रीलिम्स और मेंस दोनों लिखित परीक्षाओं में हर गलत उत्तर पर 0.2 अंक काटे जाएंगे. इसलिए उम्मीदवारों को सोच-समझकर प्रश्न हल करने की सलाह दी जाती है.
फिजिकल टेस्ट में कद-काठी के नियम
पुरुष उम्मीदवारों के लिए सामान्य और पिछड़ा वर्ग में न्यूनतम लंबाई 165 सेमी और SC/ST व अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 160 सेमी तय है. महिलाओं के लिए सभी वर्गों में न्यूनतम लंबाई 155 सेमी और वजन 48 किलो होना जरूरी है. पुरुषों के लिए सीने की माप भी निर्धारित की गई है, जिसमें फुलाने पर कम से कम 5 सेमी का अंतर होना चाहिए.
शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Test)
फिजिकल टेस्ट में दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और गोला फेंक शामिल है. पुरुषों को एक मील की दौड़ 6 मिनट 30 सेकंड में पूरी करनी होगी, जबकि महिलाओं को एक किलोमीटर की दौड़ 6 मिनट में पूरी करनी होगी. इसके अलावा ऊंची कूद, लंबी कूद और गोला फेंक में भी मिनिमम स्टैंडर्ड तय किए गए हैं.
फाइनल मेरिट कैसे बनेगी?
फाइनल मेरिट लिस्ट मेंस परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी. फिजिकल टेस्ट सिर्फ क्वालीफाइंग होगा, इसके अंक मेरिट में नहीं जुड़ेंगे.
आवेदन शुल्क कितना देना होगा?
इस भर्ती के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है. शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा. जो उम्मीदवार बिहार पुलिस में सब इंस्पेक्टर बनना चाहते हैं, उनके लिए यह भर्ती एक सुनहरा मौका है. उम्मीदवार समय रहते आवेदन कर लें और परीक्षा की तैयारी में जुट जाएं.