बिहार: हथियार चलाने नहीं आता तो इस्तीफा दें! सम्राट चौधरी ने पुलिसवालों को क्यों हड़काया?

पटना: बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार अब आर-पार के मूड में नजर आ रही है। पटना के संपतचक में आयोजित एक कार्यक्रम में गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने पुलिस विभाग को कड़े शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने बिहार पुलिस की नाकामी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सम्राट चौधरी ने केंद्र की तर्ज पर राज्य पुलिस को फ्री हैंड देने की बात कही और अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाज से ‘कचरा’ यानी अपराधियों का पूरी तरह सफाया होना चाहिए। गृहमंत्री का ये बयान राज्य में प्रशासनिक कसावट लाने की दिशा में एक बड़ा संदेश माना जा रहा है।

अक्षम पुलिसकर्मियों पर बरसे डिप्टी सीएम
सम्राट चौधरी ने मंच से पुलिसकर्मियों को आईना दिखाते हुए कहा कि जो जवान या अधिकारी हथियार चलाने में सक्षम नहीं हैं, उनके लिए विभाग में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कड़े लहजे में कहा, ‘अगर हथियार चलाना नहीं आता है, तो इस्तीफा दीजिए और घर जाकर बैठिए।’ उन्होंने जोर दिया कि बदला हुआ भारत अब सुरक्षा बलों के हाथ नहीं बांधता, और बिहार में भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पुलिस को अपराधियों के खिलाफ खुली छूट दे रखी है।

औद्योगिक विकास के लिए ‘क्लीनअप’ अभियान
गृहमंत्री ने पुलिस की भूमिका को केवल सुरक्षा तक सीमित न रखकर राज्य के आर्थिक विकास से भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि बिहार में उद्योगों का जाल तभी बिछेगा जब कानून-व्यवस्था सुदृढ़ होगी। सम्राट चौधरी ने पुलिस को सख्त निर्देश दिए कि समाज में व्याप्त आपराधिक तत्वों को किसी भी कीमत पर न बख्शें। उनके अनुसार, जब पुलिस सुशासन स्थापित करेगी, तभी निवेशक राज्य की ओर आकर्षित होंगे और राजस्व में वृद्धि होगी।

संपतचक में अगले साल तक डिग्री कॉलेज का लक्ष्य
पटना के प्रभारी मंत्री के तौर पर सम्राट चौधरी ने विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने मंच से ही संपतचक में डिग्री कॉलेज खोलने का बड़ा ऐलान किया। इसके लिए उन्होंने मौके पर मौजूद अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) को जमीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वास दिलाया कि बिजली, पानी और सड़क के बाद अब सरकार का पूरा ध्यान युवाओं की शिक्षा और रोजगार के लिए उद्योगों को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।