दारोगा का सिर फटा, सर्विस रिवॉल्वर और मोबाइल छीना, बिहार में पुलिस टीम पर पशु तस्करों का हमला

बगहा: बिहार के बगहा में तस्करों ने पुलिस पर हमला किया है. धनहा थाना क्षेत्र के दहवा गांव में पशु तस्करी के खिलाफ छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला हुआ है. घटना में दारोगा प्रमोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. हमलावरों ने एसआई का सर्विस रिवॉल्वर और मोबाइल भी छीन लिया. इस हमले में उत्तर प्रदेश पुलिस के एक दारोगा और सिपाही भी घायल हुए हैं. वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है और कुछ लोगों को हिरासत लिया.

घटना की सूचना पर SDPO बगहा कुमार देवेंद्र मौके पर पहुंचे. उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए जल्द हीं गिरफ्तारी की बात कही है. बताया जा रहा है कि यूपी सीमा पर स्थित धनहा थाना क्षेत्र के दहवा गांव में शुक्रवार की रात करीब नौ बजे पशु तस्करी के खिलाफ छापेमारी के दौरान बिहार-उतर प्रदेश की संयुक्त पुलिस टीम पर जानलेवा हमला हुआ.

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले की पुलिस सूचना पर वारंट लेकर दहवा पहुंची थी, जहां गांव से बड़े पैमाने पर पशु बिहार से यूपी ले जाए जा रहे थे. इसी सूचना के आधार पर यूपी पुलिस ने धनहा थाना पुलिस से सहयोग मांगकर संयुक्त रूप से पेशेवर तस्कर रुस्तम अंसारी के घर पर छापेमारी करने पहुंची थी. जैसे ही पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू किया, तस्कर रुस्तम अंसारी और उसके गुर्गे समेत परिवार वाले अचानक हमलावर हो गए.

लोगों ने पुलिस अधिकारियों और जवानों पर बेरहमी से लाठी-डंडों से हमला कर दिया. तस्करों के इस हमले की घटना में धनहा थाना के दारोगा प्रमोद कुमार को सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं है. तस्करों के हमले के दौरान उनका हथियार और मोबाइल लूट लिया गया . जख्मी हालत में किसी तरह से उन्हें दहवा सीएचसी में भर्ती कराया गया. जहां चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार ने उनका प्राथमिक उपचार किया.

चिकित्सा पदाधिकारी के मुताबिक, पुलिस अधिकारी प्रमोद कुमार के कान से तेज ब्लीडिंग हो रही थी और सिर में गहरी चोट थी. लिहाजा हालत नाजुक देखते हुए उन्हें GMCH बेतिया रेफर कर दिया गया. उन्होंने बताया कि जिस समय दारोगा इलाज के लिए आए थे. उनके पास सर्विस रिवाल्वर नहीं दिखी थी.

इस सम्बन्ध में SDPO कुमार देवेंद्र ने बताया कि हमले में दारोगा घायल हुए हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. देर रात पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है. जिसमें कुछ महिलाएं भी शामिल हैं. पूछताछ कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.