पटना: Bihar Weather बिहार में हो रही भारी बारिश से पूरे प्रदेश में जन जीवन को पूरी तरह से अस्त व्यस्त कर दिया है। पिछले 24 घंटे से कई शहरों में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण तबाही का मंजर दिखने लगा है। मूसलाधार बारिश के कारण शहर से लेकर गांवों तक में पानी भर गया है। पटना, छपरा, सीवान और गोपालगंज समेत कई शहरों में बारिश को देखते हुए आज (शनिवार) सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। आगंनबाड़ी केंद्रों में भी छुट्टी कर दी गई है। बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसल भी खराब हो गई हैं। राजधानी पटना , सीवान समेत अन्य शहरों में भी मोहल्लों में पानी भर गया है।
मोतिहारी में झमाझम बारिश
मोतिहारी में भी बारिश के कारण जन जीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त कर दिया है। मोतिहारी में पिछले 10 घंटों से लगातार झमाझम बारिश हो रही है। हरसिद्धि प्रखंड के गायघाट, बारमसवा, दनही, मुरारपुर सहित कई क्षेत्रों में हो रही तेज बारिश से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बारिश की वजह से आवागमन में भी लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई है।