PM Kisan Samman Nidhi 22nd installment: बिहार के लाखों किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है. केंद्र सरकार के निर्देश पर कृषि विभाग ने PM-KISAN योजना के तहत लाभ ले रहे ऐसे संदिग्ध खातों की पहचान की है, जो योजना के ‘एक्सक्लूजन क्राइटेरिया’ (अपात्रता श्रेणी) के दायरे में आ सकते हैं. विभाग ने साफ किया है कि जब तक इन मामलों का फिजिकल वेरिफिकेशन (भौतिक सत्यापन) पूरा नहीं हो जाता, तब तक संबंधित लाभार्थियों की अगली किस्तें अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं. ऐसे में आप अपना भी स्टेटस जरूर चेक लें, नहीं तो 22वीं किस्त रुक सकती है.
इन किसानों की रुकी किस्तें
विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, मुख्य रूप से दो तरह के संदिग्ध मामलों पर कैंची चली है. जमीन के मालिकाना हक में बदलाव और एक परिवार, दो लाभ.
जमीन का दाखिल-खारिज
ऐसे किसान जिन्होंने 01 फरवरी 2019 के बाद जमीन खरीदी है या जिनके नाम पर जमीन का दाखिल-खारिज इस तारीख के बाद हुआ है. नियम के अनुसार, कट-ऑफ तारीख के बाद जमीन पाने वाले कई किसान इस योजना के पात्र नहीं माने जाते (विरासत के मामलों को छोड़कर).
कई जगहों से आई थी शिकायतें
कई जगहों से ऐसी शिकायतें मिली थीं जहां एक ही राशन कार्ड या परिवार के एक से अधिक सदस्य (जैसे पति और पत्नी दोनों, या पिता और नाबालिग बेटा) अलग-अलग लाभ ले रहे हैं.
परिवार के एक व्यक्ति को ही मिलता है लाभ
गाइडलाइंस के मुताबिक, ‘किसान परिवार’ का मतलब पति, पत्नी और नाबालिग बच्चों से है, जिनमें से केवल एक व्यक्ति ही इस राशि का हकदार है.
घबराने के बजाय किसान ये काम करें
अगर आपकी किस्त भी रुक गई है, तो घबराने के बजाय अपनी पात्रता की जांच करें. KYS पोर्टल पर PM-KISAN की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर ‘Know Your Status’ (KYS) विकल्प पर जाकर चेक कर सकते हैं. AI चैटबॉट ‘किसान ई-मित्र’ से अपनी एलिजिबिलिटी का स्टेटस भी पूछ सकते हैं.