बिहार के मौसम ने एक बार फिर से यू-टर्न ले लिया है. दिन में तेज धूप की वजह से आज पूरे राज्य के तापमान में तेज बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. बिहार के कई जिलों में पारा 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. पटना के मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आजकल मौसम में काफी उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है. कभी गर्मी तो कभी मूसलाधार बारिश हो रही है. अब आज का ही हाल देख लीजिए, आज की तेज गर्मी के कारण वातावरण में अस्थिरता बढ़ेगी. इससे अगले 24 घंटे में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की स्थिति बन जाएगी. इसीलिए आज पूरे बिहार में यलो अलर्ट जारी किया गया है. पूरे बिहार में कल हवा की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
बिहार के इन जिलों के लोग रहें सावधान!
आईएमडी द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार यूं तो पूरे बिहार में कल मौसम खराब रहेगा. खासकर उत्तर और पश्चिम बिहार के जिलों, जैसे पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, कैमूर और बक्सर सहित कुल 18 जिलों में तेज आंधी और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
शहरों का तापमान और AQI
शहर तापमान अधिकतम/न्यूनतम AQI
पटना 30.1/21.4 174
मुजफ्फरपुर 30.0/20.1 164
गयाजी 35.8/19.0 120
पूर्णिया 27.8/19.3 164
भागलपुर 28.9/17.4 165
इससे पेड़ उखड़ने, बिजली के खंभे गिरने और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने का खतरा है. इसके साथ ही आकाशीय बिजली भी बड़ी चिंता का कारण बनी हुई है. क्योंकि हर साल इस तरह के मौसम में बिहार में कई लोगों की जान चली जाती है. ऐसे में लोगों को खास सतर्क रहने की सलाह दी गई है. बाकी जिलों में भी मौसम पूरी तरह से खराब रहेगा. बादलों का डेरा डटा रहेगा.
जानें आज कैसा है मौसम का मिजाज
बिहार में आज सुबह से ही तेज धूप देखने को मिल रही है. साथ ही हवाएं भी चल रही हैं. सुबह और शाम मौसम बेहद सुहावना बना रहता है, लेकिन दोपहर में लोगों के पसीने छुटते रहते हैं. दिन का तापमान 36 से 40°C के बीच रहने की संभावना है. मौसम का यह तेजी से बदलता मिजाज अब एक नए ट्रेंड की ओर इशारा कर रहा है. इसके तहत कुछ ही घंटों के अंदर भीषण गर्मी से तेज तूफान का दौर शुरू हो जाता है. विशेषज्ञ इसे जलवायु परिवर्तन का असर मान रहे हैं.
जानें क्यों बदल रहा है मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, इस समय तीन सिस्टम एक साथ एक्टिव हैं. पहला पश्चिमी विक्षोभ, लो प्रेशर बेल्ट और जेट स्ट्रीम. इन्हीं तीनों से मौसम इस तरह का बना हुआ है. प्री-मानसून की पहली ही दस्तक ने बिहार में मौसम का मिजाज बदल दिया है. काल बैसाखी के असर से राजधानी समेत पूरा राज्य प्रभावित हुआ है.
आंधी बारिश ने किसान हैं परेशान
बिहार में रामनवमी की रात आई आंधी-पानी से फसलों का नुकसान बढ़ता जा रहा है. गेहूं, मक्का और आम की फसल को ज्यादा क्षति हुई है . गेहूं की पकी हुई फसल और मक्का के पौधे खेतों में गिर गए हैं. वहीं, आम के पेड़ के नीचे टिकोले की चादर सी बिछी नजर आ रही है? इसके अलावा मगध, शाहाबाद, चंपारण में रबी को नुकसान हुआ है. वहीं, सीमांचल कोसी इलाके में मक्का को जबरदस्त क्षति हुई है. पूरे राज्य में आम के टिकोले 30 से 35 फीसदी तक झड़ गए है. उत्तर बिहार से लेकर दक्षिण बिहार तक आम और लीची के मंजर झड़ रहे हैं.