पटना: बिहार चुनाव का रंग चढ़ गया है. एनडीए नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ने का ऐलान पहले ही कर चुका है. महागठबंधन दो कदम आगे जाकर तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री और मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया है. गुरुवार को पटना के एक होटल में आयोजित महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने अपनी बात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति सहानुभूति प्रकट करते हुए की.
अपनी बात कहने के दौरान तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि एनडीए उनकी घोषणाओं और आइडिया की नकल करने में लगा है. इसी दौरान तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश के आजमाए सबसे सफल हथियार का जिक्र किया और कहा कि वह भी अगर सत्ता में आए तो ऐसा ही करेंगे.
यहां बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जब 2005 नवंबर में सत्ता संभाली थी तब उन्होंन 3C यानी Corruption (भ्रष्टाचार), Crime (अपराध) और Communal (सांप्रदायिकता) पर No Compromise का दावा किया था. नीतीश कुमार अब तक के कार्यकाल में अपने 3C पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की कोशिश की है. इसी वजह से मीडिया में उन्हें सुशासन बाबू कहकर भी पुकारा जाता है.
तेजस्वी यादव के माता-पिता राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव की 15 साल की सरकारों पर इन्हीं 3C सबसे ज्यादा असफल करार दिया जाता है. यही वजह है के बीजेपी, जेडीयू समेत तमाम एनडीए के नेता लगातार लालू-राबड़ी की सरकारों को जंगलराज कहकर संबोधित करते हैं. साथ ही जनता के बीच आज भी इसे ही सबसे बड़ा मु्द्दा बनाते हैं कि अगर तेजस्वी यादव सत्ता आए तो बिहार में फिर से जंगलराज का दौर लौट आएगा.
तेजस्वी यादव 2020 के विधानसभा चुनावों से ही जंगलराज के धब्बे को मिटाने की कोशिश में हैं. पांच साल पहले उन्होंने चुनावी पोस्टरों से मां-पिता की तस्वीरें गायब करवा दी थीं. यहां तक कहा था कि उस वक्त जो भी भूल हुई वह उसे नहीं दोहराने वाले हैं. 2025 के विधानसभा चुनाव में तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार के 3C में से 2C पर जोरदार दावा किया है. हालांकि तेजस्वी यादव ने तीसरे C Communal (सांप्रदायिकता) पर अलग से कुछ नहीं कहा.
तेजस्वी की परछाई भी गलत करे तो उसे भी नहीं बख्शेंगे
गुरुवार को महागठंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने कहा – ‘बीजेपी के लोग आरोपों में जंगल राज की बात करते हैं. हकीकत में आजलगातार बिहार में अपराध बढ़ रहे हैं. 70 हजार मर्डर और रेप की घटनाएं हुई हैं. बलात्कार पीड़ित को पीएमसीएच जैसे अस्पताल में चार घंटे बेड नहीं मिलता है, जिससे उसकी मौत हो जाती है. वह जंगल राज नहीं. कोई ऐसा दिन नहीं जब बिहार में 200 राउंड गोलियां ना चलती हो. हर जिले में लगातार अपराध है.
कोई ऐसा जिला नहीं बचा, जहां डेली अपराध ना होता हो. लेकिन ये प्रोपगेंडा है. हम अपने बिहार के लोगों से कहना चाहते हैं करप्शन और लॉ एंड आर्डर से तेजस्वी कभी भी कॉम्प्रोमाइज नहीं करेगा. कोई भी अपराधी कितना बड़ा से बड़ा क्यों ना हो तेजस्वी उसको बख्शने का काम नहीं करेगा. तेजस्वी की परछाई भी अगर गलत काम करेगी तो उसको भी तेजस्वी सजा दिलाने का काम करेगा. यह मेरा संकल्प है और हम सब एक नया बिहार बनाने का काम करेंगे.
तेजस्वी यादव ने एनडीए पर लगाया नकल करने का आरोप
इससे पहले तेजस्वी यादव ने एनडीए और नीतीश कुमार की सरकार पर उनकी नकल करने का आरोप लगाया है. तेजस्वी यादव ने कहा, हमने 1500 रुपये पेंशन बढ़ाने की बात की कही तो इन्होंने 1100 रुपये पेंशन कर दी. हमने 200 यूनिट फ्री में बिजली की बात की तो 125 यूनिट फ्री में बिजली देने लगते हैं. हमने डोमिसाइल की बात की तो यह डोमिसाइल की बात करते हैं. हमने युवा आयोग की बात की तो इन्होंने युवा आयोग के बारे में बात की.
उन्होंने आगे कहा कि हमने 5 लाख सरकारी नौकरियां दी तो अब यह भी नौकरी की बात कर रहे हैं. हम लोग माई बहन मान योजना लाए तो यह चुनाव से पहले 10,000 रुपये घूस की तरह उधारी दे दिए. तो ये नकलची सरकार है. इनके लोगों के पास कोई विज़न नहीं है. यह लोग थके हुए हैं. यह लोग किसी भी कीमत पर केवल सत्ता और कुर्सी पर बैठना चाहते हैं. ना कि बिहार की जनता को सेवा करना चाहते हैं ना कि बिहार के लोगों को आगे बढ़ाना चाहते हैं.
तेजस्वी ने कहा कि एक शुगर मिल प्रधानमंत्री ने नहीं चालू की. लेकिन तेजस्वी ने 17 महीने की महागठबंधन की सरकार में रीगा की चीनी मिल को चालू कराया. 5 लाख नौकरियां हम लोगों ने दी. 3 लाख नौकरियां प्रक्रियाधीन कराई. 4 लाख नियोजित शिक्षकों को हम लोगों ने राजकीयकर्मी का दर्जा हम लोगों ने दिया. हमने जाति आधारित गणना पहली बार कराया. इसके अलावा तेजस्वी यादव ने और भी कई घोषणाएं और दावे किए. तेजस्वी यादव की बातों का सार देखें तो उन्होंने क्राइम और करप्शन पर पहली बार इतनी मजबूती से अपना पक्ष रखा.