बिहार सरकार ने छात्रों को दी बड़ी सौगात, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में आया नया अपडेट

जहानाबाद : बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना सरकार की एक बहुत ही प्रमुख योजना है. इसके माध्यम से प्रदेश के हजारों गरीब छात्र उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं. समय के साथ इस योजना को छात्र-छात्राओं के लिए बहुत ही आसान और सुलभ बनाया गया है. उच्च शिक्षा के लिए बिहार सरकार ₹400000 तक की राशि छात्र छात्राओं को देती है, जिस पर पहले ब्याज की राशि लगती थी. हालांकि एक नई घोषणा ने उन छात्रों को बड़ी राहत दी है, जो स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से लोन लेकर पढ़ाई किए हैं.

इस राहत के बाद बिहार के कई स्टूडेंट्स को बहुत फायदा होगा. कुछ छात्र तो नौकरी कर रहे हैं. वहीं, जिन छात्रों को नौकरी नहीं लगी है. उनके ब्याज की राशि माफ करने का ऐलान सरका द्वारा किया जा चुका है. इतना ही नहीं, पैसा जमा करने की अवधि को भी बढ़ाया जा चुका है. जिस प्रकार से पहले ₹200000 तक की राशि के लिए 5 साल का समय था. अब उसे बढ़ाकर 7 साल कर दिया गया है. वहीं, ₹400000 तक की राशि वाले लोन के राशि के लिए 7 साल वाली अवधि को बढ़ाकर 10 साल कर दिया गया है.

स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड का ये है बड़ा अपडेट
सरकार के इस नए ऐलान से स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ ले चुके कई स्टूडेंट्स को काफी फायदा होने वाला है. इस बारे में जहानाबाद DRCC ऑफिस में कार्यरत सहायक प्रबंधक योजना संगीता कुमारी ने लोकल 18 से कहा कि बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना सरकार की बहुत ही महत्वपूर्ण योजना है. हाल ही में इस योजना में व्यापक संशोधन किया गया है. इसके तहत ब्याज की राशि जो भी स्टूडेंट्स ने लोन प्राप्त कर लिया है, उनका माफ कर दिया गया है. DRCC जहानाबाद में इस बार 1450 का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसे लगभग पूरा कर लिया गया है.

पैसा लौटाने का समय भी बढ़ गया
उन्होंने आगे बताया कि वैसे सभी लोगों का ब्याज की राशि माफ कर दी गई है, जिन्होंने स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड से लोन लेकर अब तक वापस नहीं किया है. सिर्फ मूलधन की राशि स्टूडेंट को वापस करना है. सरकार की इस पहल से स्टूडेंट की ईएमआई भी घटने की संभावना है. पैसा वापस करने का भी टेन्योर बढ़ा दिया गया है. अब ऐसे में जिन्होंने ₹200000 से काम की राशि लोन के रूप में प्राप्त की है, उनका पैसा वापस करने की अवधि 5 साल से बढ़ाकर 7 साल कर दिया गया है और जिन्होंने ₹200000 से अधिक के राशि ली है उनके पैसे वापस करने की अवधि 7 साल से बढ़ाकर 10 साल तक कर दिया गया है.