पटना: होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए बिहार पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को पत्र जारी कर स्पष्ट निर्देश दिया है कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाए और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। मुख्यालय की ओर से संवेदनशील जिलों और इलाकों की विशेष निगरानी के आदेश दिए गए हैं।
होली के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
जिला पुलिस बल के अतिरिक्त बी-सैप (बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस) की 31 कंपनियां, अर्द्धसैनिक बल की तीन कंपनियां और रिजर्व बल की 12 कंपनियां विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात की गई हैं। इसके अलावा 2768 प्रशिक्षु सिपाही और 5100 होमगार्ड जवान भी ड्यूटी पर लगाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में फ्लैग मार्च करें, गश्त बढ़ाएं और संवेदनशील स्थानों पर विशेष चौकसी बरतें। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की सांप्रदायिक तनाव या जबरन रंग डालने की घटना को गंभीरता से लिया जाएगा।
होली पर पुलिसकर्मियों की छुट्टी रद्द
होली को देखते हुए पुलिसकर्मियों का सामान्य अवकाश रद्द कर दिया गया है, ताकि पर्याप्त संख्या में जवान मैदान में मौजूद रहें। त्वरित प्रतिक्रिया टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और नियंत्रण कक्षों को 24 घंटे सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है।
होलिका दहन के लिए गाइड लाइन जारी
यातायात पुलिस ने भी होलिका दहन को लेकर गाइड लाइन जारी किया है। उनमें कहा गया कि होलिका दहन हमेशा खुली जगह एवं सुरक्षित स्थान पर करें। ताकि आग की उड़ती चिंगारी किसी घर/मकान में न पकड़े। यह ऐसे स्थान पर न करें जहां ऊपर से बिजली तार या पास में ट्रांसफार्मर हो। होलिका दहन सामग्री में ज्वलनशील पदार्थ नहीं डाले। झुग्गी-झोपड़ी, गेहूं की खेत तथा खलिहान के पास नहीं करें। होलिका दहन की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं रखा जाए।
आसपास दो ड्रम एक हजार लीटर पानी रखें। कहीं आग लगने की घटना होती है तो अग्निशमन केंद्र, थाने को सूचित करें। जिला नियंत्रण कक्ष भी कार्य करेगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन का लक्ष्य है कि पूरे राज्य में होली का पर्व सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।