हरियाणा में प्रेमिका की हत्या करने वाले प्रेमी को उम्रकैद, ब्लैकमेलिंग से तंग आकर दिया था वारदात को अंजाम

यमुनानगर। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डा. सुखदा प्रीतम की कोर्ट ने गला दबाकर 32 वर्षीय प्रेमिका वर्षा की हत्या के दोषी 27 वर्षीय मांगा राम उर्फ साहिल को उम्रकैद की सजा सुनाई है। दोषी मुगलावाली निवासी मांगाराम है।

कोर्ट ने दोषी पर 20 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना न देने पर चार महीने की अतिरिक्त सजा का प्रविधान है। केस की 63 सुनवाई और 27 की गवाही हुई। दोषी की काल डिटेल, घटनास्थल पर मिली शराब की बोतल पर दोषी के अंगुलियों के निशान सजा का मुख्य आधार बनें। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे चिह्नित अपराध की श्रेणी में रखा गया था। सरकारी वकील चिराग अग्रवाल ने केस की पैरवी की।

साढौरा पुलिस ने मृतका के भाई गांव बरौली माजरा निवासी परमजीत सिंह की शिकायत पर छह मई 2023 को हत्या का केस दर्ज किया था। केस में 12 अक्टूबर 2023 को चार्ज फ्रेम हुआ था। पुलिस को दी शिकायत में परमजीत ने कहा था कि वर्ष 2010 में उसकी बहन वर्षा की शादी अंबाला के गांव रामपुर निवासी शीशपाल से हुई थी।

शादी के बाद उसे तीन बच्चे हुए। वर्ष 2022 में वर्षा का तलाक हो गया। इसके बाद उसने कालाअंब निवासी मोनू राणा से शादी कर ली। वह रसूलपुर गांव में किराये पर रह रही थी। उन्हें सूचना मिली थी कि बहन का शव रसूलपुर गांव में दुकान के पास झाडियों में पडा हुआ है। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया। मामले में गांव मुगलवाली निवासी मांगाराम को गिरफ्तार किया गया था।

ब्लैकमेल कर रही थी, इसलिए मार डाला
पुलिस को दिए बयान में दोषी मांगाराम ने कहा था कि वर्षा उसकी रिश्तेदार थी जिसकी शादी गांव रामपुर निवासी शीशपाल से हुई थी। जोकि अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। वर्षा की मदद के लिए वह रामपुर आता-जाता रहता था। दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी बने। पति द्वारा मारपीट करने के बाद वर्षा उनके घर पर भी रहने आई थी। जिसके बाद उसके घरवालों को दोनों के संबंधों के बारे में शक हो गया था। शीशपाल से तलाक के बाद वर्षा, मोनू राणा नाम के युवक के साथ रिलेशनशिप में रसूलपुर रह रही थी।

वर्ष 2023 में मांगाराम की शादी हो गई। जिसके बाद वर्षा उससे नाराज रहने लगी। उसने पत्नी को छोडकर उसके साथ रहने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। साथ ही ब्लैकमेल भी किया। पांच मई की रात को उसने वर्षा को फोन कर बुलाया। वह उसे बाइक पर सुनसान में दुकान के पास ले गया। जहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।