Anand Mohan: बिहार में हाल ही में कैबिनेट परिवर्तन हुआ है। 15 सालों बाद नीतीश के दिल्ली जाने से बीजेपी के सम्राट चौधरी बिहार के नए सीएम बने हैं। कई नए मंत्रियों को भी कैबिनेट में शामिल किया गया है। इसी बीच बाहुबली नेता आनंद मोहन ने एक बयान से बिहार की राजनीति में हलचल पैदा हो गई है। आनंद मोहन ने जेडीयू पर सवाल उठाते हुए विधायक की टिकट और मंत्री बनने के लिए करोड़ों रुपये लेने का आरोप लगाया है।
बिहार के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह के एक वीडियो ने सियासी हलचल मचा दी है। आनंद मोहन ने JDU के शीर्ष नेतृत्व पर सीधा हमला बोला है। उनका दावा है कि बिहार में करोड़ों रुपये लेकर टिकट बेचे गए और मंत्री पद बांटे गए। शिवहर-सीतामढ़ी का बताया जा रहा ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो ने सत्ता के अंदर चल रहे असंतोष को सामने ला दिया है। फिलहाल JDU की तरफ से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
निशांत पर भी साधा निशाना
वायरल वीडियो में आनंद मोहन बेहद गुस्से में दिख रहे हैं। आनंद मोहन ने नीतीश कुमार के बेटे और JDU नेता निशांत कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें स्वास्थ्य मंत्रालय इसलिए दिया गया क्योंकि पिता-पुत्र दोनों को डॉक्टर की जरूरत है।आनंद मोहन ने विधानसभा चुनाव में करोड़ों में टिकट बेचने और मंत्री पद के लिए भी करोड़ों रुपये लेने का आरोप लगाया। यहीं नहीं रुके, उन्होंने JDU के कुछ नेताओं को ‘चंडाल चौकड़ी’ करार देते हुए पूरी पार्टी पर सवाल उठा दिए।
बताया पिछड़ों के राज का सफाया
आनंद मोहन ने नीतीश कुमार के खिलाफ साजिश का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ये सिर्फ नीतीश कुमार को हटाने की बात नहीं है, बल्कि पिछड़ों के राज को खत्म करने की साजिश हो रही है।आनंद मोहन ने याद दिलाया कि नीतीश के खिलाफ पहले भी कई बार साजिशें हुईं, पर वो कभी झुके नहीं। फिर भी रातोंरात साजिश रचकर सरकार बदल दी गई।