बिहार में 4 हत्याओं से मचा हड़कंप, सनकी पति ने पत्नी और तीन बच्चों को मार डाला

दरभंगा: बिहार के दरभंगा में मंगलवार (19 मई, 2026) की सुबह एक सनकी पति ने अपनी पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला. साथ ही तीन बच्चों को भी मौत के घाट उतार दिया. पूरी घटना दरभंगा जिले के पतोर थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी गांव की है. मंगलवार की सुबह किसी बात पर विवाद हुआ जिसके बाद संदीप दास ने डंडे और रॉड से हमला किया जिससे पूरा परिवार खत्म हो गया.

हत्या के पीछे का क्या कारण है और विवाद किस बात को लेकर हुआ है यह अभी पता नहीं चला चला है. संदीप ने खुद पर भी जख्मी किया है और उसका इलाज डीएमसीएच में चल रहा है. पतोर थाने की पुलिस मामले की चांज में जुट गई है. चारों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मौके पर एफएसएल की टीम भी पहुंची है.

मुर्गा फार्म में काम करता था परिवार
मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के दालकोला जिले के कुंडी थाना क्षेत्र निवासी फूल कुमारी दास (उम्र करी 30 साल), उनके 7 वर्षीय पुत्र हृदय दास, 6 वर्षीय पुत्री संध्या दास और 5 वर्षीय पुत्र सोन दास के रूप में हुई है. हमले के बाद सोन दास जख्मी हुआ था. उसे इलाज के लिए डीएमसीएच पहुंचाया गया लेकिन बच नहीं सका. अभी तक जो जानकारी सामने आई है उसके अनुसार, पूरा परिवार चंदनपट्टी स्थित एक मुर्गा फार्म में मजदूरी करता था.

अस्पताल पहुंचे बच्चों के मामा मंगू दास ने मीडिया को बताया कि आज (मंगलवार) सुबह सात बजे के करीब की घटना है. वे लोग बंगाल के रहने वाले हैं. पति-पत्नी में कुछ विवाद हुआ होगा. हम बता नहीं सकते हैं. क्या संदीप की मानसिक हालत ठीक थी? इस पर मंगू दास ने बताया कि हां ठीक था. संदीप शराब पीता था लेकिन यहां (दरभंगा) एक दिन भी नहीं पीता था. अब देखना होगा कि जांच के बाद पुलिस की ओर से क्या कुछ जानकारी दी जाती है.