हरियाणा में पियानो नहीं मिलने पर 13 साल के बच्चे ने रची अपने ही अपहरण की झूठी कहानी, पुलिस जांच में हुआ खुलासा

यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर जिले में जन्मदिन पर पियानो नहीं मिलने से नाराज 13 साल के एक बच्चे ने अपने ही अपहरण की झूठी कहानी गढ़ डाली। शुरुआत में मामला बेहद गंभीर लगा। लेकिन पुलिस की जांच में पूरा सच सामने आ गया। दरअसल यमुनानगर के जगाधरी क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक 13 वर्षीय बच्चे ने दावा किया कि बाइक सवार दो युवकों ने उसका अपहरण करने की कोशिश की।

बच्चे ने बताया कि आरोपियों ने उसके हाथ-पांव बांध दिए और जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाने लगे। उसने यह भी कहा कि रास्ते में बाइक फिसलने से वह नीचे गिर गया और उसे चोटें आईं। घटना की सूचना फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शक के आधार पर एक युवक को पकड़ लिया। गुस्साए ग्रामीणों ने युवक की पिटाई भी कर दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

कैसे सामने आई सच्चाई
शुरुआती जांच में मामला अपहरण की कोशिश का लग रहा था।
पुलिस को बच्चे की कहानी में कई खामियां दिखाई दीं।
जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

इसके साथ ही बच्चे से अलग-अलग तरीके से पूछताछ की।
जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, कहानी की परतें खुलती चली गईं।
आखिरकार सख्ती से पूछताछ करने पर बच्चे ने सच कबूल लिया।

बच्चे ने बताया क्यों बोला झूठ
उसने बताया कि वह अपने जन्मदिन पर पियानो चाहता था, लेकिन परिवार ने उसकी मांग पूरी नहीं की। इसी बात से नाराज होकर उसने अपने एक नाबालिग दोस्त के साथ मिलकर नकली अपहरण की योजना बना ली। उसका मकसद परिवार को डराना और अपनी बात मनवाना था। डीएसपी पूजा ने बताया कि पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस पूरे मामले को सुलझा लिया है