बिहार में हादसा: महानंदा नदी में नहाने के दौरान डूबे 4 बच्चे, 1 का मिला शव

पूर्णिया। बायसी थाना क्षेत्र के गांगर पंचायत स्थित गोहास गांव में गुरुवार की दोपहर महानंदा नदी में स्नान करने गए चार बच्चे नदी की तेज धारा में बह गए। नहाने के दौरान एक बच्चा गहरे पानी में डूबने लगा और उसे बचाने के प्रयास में अन्य तीन बच्चे भी डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया।

ग्रामीणों ने तुरंत नदी में बच्चों की तलाश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद एक बच्चे का शव नदी से बरामद किया गया, जबकि अन्य तीन बच्चों की खोज ग्रामीणों व एसडीआरएफ टीम द्वारा देर शाम की गई, लेकिन कोई अता-पता नहीं चला।

मृत बच्चे की पहचान गोहास गांव वार्ड संख्या-तीन निवासी मु. सोहराब के 11 वर्षीय पुत्र नसर के रूप में हुई है। लापता बच्चों में वार्ड संख्या-पांच निवासी मु. अशलम का आठ वर्षीय पुत्र मुस्तफा, मु. मुनीब का 10 वर्षीय पुत्र नूर्शिद एवं वार्ड संख्या-तीन निवासी रुहुल अमीन का आठ वर्षीय पुत्र अरमान शामिल है।

नदी तट पर लगा लोगों का हुजूम
घटना के बाद से नदी तट पर लोगों का मेला लगा रहा। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांगर पंचायत के मुखिया गुलाम गौस ने कहा कि घटना की सूचना एसडीआरएफ टीम और प्रशासन को तत्काल दी गई, बावजूद इसके राहत एवं बचाव दल करीब तीन घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंचा।

सूचना पर बायसी अंचलाधिकारी व बायसी पुलिस भी मौके पर डटी हुई है। अंचलाधिकारी गणेश पासवान ने बताया कि चार बच्चों में से एक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि बाकी तीन बच्चों की तलाश एसडीआरएफ टीम द्वारा जारी है। अंधेरा गहरा होने पर बच्चों की तलाश सुबह भी जारी रहेगी। साथ ही इस मामले में सरकारी प्रावधान के मुताबिक हर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।