थाना क्षेत्र के ताजपुर-व्यापुर मार्ग पर शनिवार की सुबह 11 बजे एक अनियंत्रित आटो पानी से भरे गड्ढे में पलट गया। पानी में करंट प्रवाहित था, जिसकी चपेट में आने से चालक सहित तीन लोगों की मौत हो गई।
मरने वालों में आटो चालक 47 वर्षीय टुनटुन कुमार, व्यापुर टाटा कालोनी निवासी 34 वर्षीय प्रमोद राय और गोरैया स्थान निवासी 61 वर्षीय पन्ना साव के रूप में हुई।
इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार आटो असंतुलित होकर सड़क किनारे के गड्ढे में गिर गया और वहां से गुजर रही बिजली की लाइन के संपर्क में आ गया।
करंट फैलने से आटो में सवार लोगों में अफरातफरी मच गई। शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तार को वहां से हटाया और सभी को बाहर निकाला।
मनेर के व्यापुर भुन्ना टोला निवासी टुनटुन राय अपने आटो पर सात लोगों के साथ ताजपुर मुसहरी से लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पंचायत सरकार भवन के पास आटो की गति अधिक होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा।
आटो गड्ढे में पलट गया और बिजली के तारों के संपर्क में आने से करंट दौड़ गया। इस हादसे में आटो चालक टुनटुन कुमार, प्रमोद राय और गोरैया स्थान निवासी पन्ना साव की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। आटो में सवार पप्पू, उपेंद्र और चार अन्य लोगों को स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उनकी जान बच गई।
सूचना मिलते ही मनेर थाना के एसआइ अफसर अली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अनुमंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और बाद में स्वजन को सौंप दिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया है और मृतकों के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।