पटना। बिहार में पूर्व सीएम राबड़ी देवी के आवास से छोटे-मोटे सामान हटाने का काम शुरू हो गया है। गुरुवार रात को कुछ छोटी गाड़ियां पटना में 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास (राबड़ी आवास) पहुंचीं। इन गाड़ियों से सामान को गोला रोड स्थित गौशाला में शिफ्ट किया गया। वहां से उसे दूसरी जगह पर शिफ्ट किया जाएगा।
गुरुवार रात को राबड़ी आवास से छोटी गाड़ियों में पेड़-पौधे व अन्य छोटे सामान निकालकर शिफ्ट किया गया है। सामान की शिफ्टिंग तब हो रही है, जब राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) सुप्रीमो लालू यादव दिल्ली में है, वहींतेजस्वी यादव भी इस समय पटना में नहीं हैं। फिलहाल आरजेडी की तरफ से सामान शिफ्ट होने की कोई पुष्टि नहीं की गई है।
1 महीना पहले मिला था नोटिस
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जीतकर एक बार फिर से बिहार में एनडीए ने अपनी सरकार बनाई है। लालू परिवार को 20 साल बाद सरकारी आवास (राबड़ी आवास) खाली करने का नोटिस मिला है। 25 नवंबर को बिहार भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को ये नोटिस भेजा था।
परिवार में आया था भूचाल
बिहार चुनाव में करारी हार के बाद लालू परिवार में टूट की खबरें सामने आईं। लालू यादव की बेटी रोहिणी ने रोते-रोते राबड़ी आवास को छोड़ दिया था। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा था कि उनका कोई परिवार नहीं है। अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को बिहार विधानसभा चुनाव के पहले ही लालू यादव ने पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया था।