जमुई में यहां रातों-रात ऐसा क्या हुआ कि जमीन की कीमत हुई 5 गुनी, अचानक खरीदने वालों की लग गई लाइन

जमुईः जमीन की कीमतें दिन रात आसमान छूने लगी है जिन्हें लाखों में कभी जमीन एकड़ में बेची जाती थी. धीरे-धीरे मामला डिसमिल तक पहुंचा और अब जमीन स्क्वायर फीट तक में बिकने लगी हैं. परंतु जमीन की कीमतों में यह वृद्धि कई सालों के अंतराल में देखने को मिलती है. पर जमुई जिले में एक स्थान ऐसा भी है जहां अचानक ही जमीन की कीमतें 5 से 7 गुना अधिक महंगी हो गई है. भले ही जमीन की कीमत बढ़ गई, परंतु उसके बावजूद भी लोग यहां बड़े पैमाने पर जमीन खरीदने के लिए पहुंचने लगे हैं. यह सुनकर आप सबको भी बड़ा अजीब लग रहा होगा, परंतु ऐसा वाकई में सामने आया है. पूरा मामला जमुई जिले से जुड़ा हुआ है.

पहले इतनी सस्ती हुआ करती थी जमीन
दरअसल जमुई जिले में कहीं भी जमीन की कीमत कम नहीं है. कई जगहों पर तो जमीन की कीमतें दिल्ली और पटना के जमीन की कीमतों के बराबर है, परंतु जिले के कई ऐसे भी इलाके हैं जहां जमीन की कीमतें काफी सस्ती हुआ करती थी. जमुई जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र का इलाका भी ऐसा ही है, जहां जंगली और पहाड़ी इलाका होने के कारण जहां जमीन की कीमतें काफी कम हुआ करती थी. सोनो प्रखंड क्षेत्र के कई पंचायत ऐसे हैं, जहां जमीन पथरीली है और इस पर अच्छी उपज नहीं होती थी. जिस कारण यहां जमीन की कीमतें 20 से 25 हजार रुपए प्रति कट्ठा तक थी. कहीं-कहीं जमीन की कीमतें एक लाख रुपए प्रति कट्ठा तक थी. लेकिन अचानक कुछ ऐसा हुआ कि अब जमीन की कीमतें कई गुना बढ़ गई है.

इस कारण बढ़ गई है जमीन की कीमत
बताते चलें कि सोनो प्रखंड क्षेत्र का एक बड़ा भूभाग पथरीला इलाका कहा जाता है. और यहां सिंचाई की समुचित व्यवस्था नहीं है. जंगली तथा पथरीला इलाका होने के कारण ना तो यहां सही तरीके से खेती हो पाती थी और ना ही यहां लोग रहना पसंद करते थे. क्योंकि यहां पानी की काफी दिक्कत होती थी. जिस कारण जमीन की कीमतें काफी कम थी.

जमीन की कीमत में 7 गुना तक इजाफा
हाल ही में सरकार के द्वारा बरनार जलाशय योजना की स्वीकृति प्रदान की गई है. इस इलाके में करीब दो हजार करोड़ से भी अधिक की लागत से इस योजना का क्रियान्वन होना है. इसे लेकर अब स्थल का चयन किया जा रहा है तथा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. जिसके बाद जमीन की कीमतों में इजाफा हो गया है. जो जमीन कभी 20 से 30 हजार रुपए प्रति कट्ठा तक बिकती थी. वह जमीन अब 2 लाख रुपए प्रति कट्ठा तक पहुंच गई है और रातों-रात जमीन की कीमत में 5 से 7 गुना तक का इजाफा हो गया है.