MP Board Exams 2026 Scams: मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं (Board Exams) 10 फरवरी से शुरू होने जा रही है. परीक्षाओं से पहले ही साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं. टेलीग्राम समेत अन्य इंटरनेट माडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी प्रश्न पत्र बेचने का नेटवर्क चला रहे हैं. ये जालसाज छात्रों को गुमराह करने के लिए कथित पेपर लीक का दावा कर रहे हैं और मोटी रकम की मांग कर रहे हैं.
ठगों ने पर्जी प्रश्न पत्रों को असली दिखाने ले लिए उनपर माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) भोपाल का लोगो और मोनोग्राम तक लगा दिया है, जिससे छात्र और अभिभावक आसानी से भ्रमित हो रहे हैं. कई टेलीग्राम चैनलों और ग्रुप्स के जरिए ये फर्जी पेपर बेचे जा रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि यही प्रश्न परीक्ष में आएंगे.
माशिमं साइबर सेल से की शिकायत
माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाला ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर क्राइम को शिकायत दर्ज कराई है. माशिमं ने स्पष्ट किया है कि प्रश्नपत्र पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी भी तरह का पेपर लीक नहीं हुआ है. बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी लालच में न आएं और केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें.
टेलीग्राम में 7 फर्जी ग्रुप सक्रिय
साइबर क्राइम पुलिस ने भी छात्रों और अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह दी है और कहा है कि फर्जी प्रश्नपत्र बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. किसी भी संदिग्ध टेलीग्राम चैनल या व्यक्ति की जानकारी तुरंत साइबर क्राइम या स्थानीय पुलिस को देने की अपील की गई है. पुलिस जांच के दौरान कुल टेलीग्राम में 7 चैनल सामने आए हैं. एमपी बोर्ड एग्जाम 2026, एमपी बोर्ड पेपर, एमपी बोर्ड 2025 पेपर, MP बोर्ड पर पेपर लीक, ऑल इंडिया बोर्ड्स पेपर 2026, एमपी बोर्ड ऑफिशल, एमपी बोर्ड प्रश्न 2026 बताए गए हैं. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है.