Maithili Thakur On Bihar Chunav 2025: चुनाव आयोग आज (सोमवार, 6 अक्टूबर) बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है. चुनाव आयोग की ओर से शाम 4 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जानी है. इससे पहले रविवार को पटना में आयोजित हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बार चुनावों में लागू होने वाले नए नियमों की जानकारी दी गई थी. चुनावी सरगर्मियों के बीच बिहार की लोकप्रिय गायिका मैथिली ठाकुर चर्चा में आ गई हैं. मैथिली ठाकुर के राजनीतिक डेब्यू की अटकलें लगाई जा रही हैं. दरअसल, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और बीजेपी के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े ने रविवार (5 अक्टूबर) को मैथिली ठाकुर से मुलाकात की थी. इसके बाद से मैथिली ठाकुर के बीजेपी ज्वाइन करने और बिहार चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं.
सूत्रों के अनुसार, बीजेपी ने मैथिली ठाकुर को आगामी विधानसभा चुनाव में अलीनगर सीट से मैदान में उतारने का विचार किया है. इसी को लेकर पार्टी नेताओं ने रविवार को उनसे मुलाकात की. मैथिली ठाकुर से मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए बीजेपी नेता विनोद तावड़े ने लिखा कि वर्ष 1995 में बिहार में लालू राज आने पर जो परिवार बिहार छोड़कर चले गए, उस परिवार की बिटिया सुप्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर जी बदलते बिहार की रफ्तार को देखकर फिर से बिहार आना चाहती हैं. आज गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय जी और मैंने उनसे आग्रह किया कि बिहार की जनता के लिए और बिहार के विकास के लिए उनका योगदान बिहार का सामान्य आदमी अपेक्षित करता है और वे उनकी अपेक्षाओं को पूरा करें.
बीजेपी नेता के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए मैथिली ठाकुर ने लिखा कि जो लोग बिहार के लिए बड़े सपने देखते हैं, उनके साथ हर बातचीत मुझे दूरदृष्टि और सेवा की शक्ति की याद दिलाती है. मैं नित्यानंद राय जी और विनोद तावड़े जी की हृदय से सम्मानित और आभारी हूं.