सीतामढ़ी। बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां यूट्यूब पर रील बनाने के विवाद को लेकर एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सहियारा थाना क्षेत्र के हनुमान नगर गांव की है। रविवार की देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक फूसनुमा घर (झोपड़ी) में सो रही 50 वर्षीय महिला को निशाना बनाया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। महिला को दो गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए सीतामढ़ी ला रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान हनुमाननगर निवासी राजदेव मुखिया की पत्नी मनोतनी देवी के रूप में की गई है। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
“बोका कॉमेडी” चैनल से जुड़ा विवाद
घटना की जानकारी मिलते ही सहियारा थानाध्यक्ष और सदर एसडीपीओ (DSP) राजीव कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की शुरुआती जांच में जो बात सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है। सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह ने बताया कि गांव में “बोका कॉमेडी” नाम से एक यूट्यूब चैनल संचालित होता है। इस चैनल को मृतका का पुत्र सत्येंद्र महतो चलाता था। चैनल के लिए वीडियो और रील बनाने के दौरान गांव के ही सिकंदर महतो की पत्नी भी उसमें शामिल थी। इसी रील और वीडियो को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले कुछ समय से गंभीर विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के प्रतिशोध में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है।
मुख्य आरोपी पर लगा आरोप
इस बीच मृतका के परिजनों ने सीधे तौर पर गांव के ही सिकंदर महतो पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद से हनुमान नगर गांव में भारी तनाव का माहौल व्याप्त है। स्थानीय ग्रामीण और परिजन इस घटना से बेहद आक्रोशित हैं।
मौके पर पहुंचे सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह और पुलिस टीम ने आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और उन्हें शांत कराया। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है, जिसे जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया है।
पुलिस को आवेदन का इंतजार
सदर एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पुरानी रंजिश और यूट्यूब रील के विवाद समेत हर बिंदु को खंगाला जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार की तरफ से अभी तक आधिकारिक तौर पर लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।
परिजनों से आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।