NEET Re-Exam 2026 Latest News: नीट यूजी री-एग्जाम से ठीक पहले ठगी करने वाले गिरोह का मामला सामने आया है। बिहार में नीट परीक्षार्थियों से ठगी की कोशिश में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने नीट का पेपर देने की एवज में कुछ छात्रों और अभिभावकों से पैसे भी ले लिए थे। मुजफ्फरपुर पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, पेपर लीक और गड़बड़ी के चलते 3 मई 2026 को आयोजित हुई नीट यूजी परीक्षा रद्द कर दी गई थी। नीट पेपर लीक की जांच सीबीआई कर रही है। जिसके तार राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा समेत कई राज्यों से जुड़े हैं। नीट का पेपर सेट करने वाले पैनल में शामिल एनटीए के एक्सपर्ट और एक सीनियर टीचर समेत 13 लोगों गिरफ्तार किया गया है। इतनी बड़ी कार्रवाई के बीच, नीट एस्पिरेंट्स से ठगी की कोशिश करने वाले गिरोह के चार अन्य लोग पुलिस की पकड़ में आए हैं।
फर्जी पेपर बेचने वाला नेटवर्क का भंडाफोड़
बिहार के मुजफ्फरपुर से पकड़े गए आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए नीट एस्पिरेंट्स और उनके पेरेंट्स से ठगी की कोशिश में थे। यह एक पूरा नेटवर्क है, जो नीट समेत कई परीक्षाओं के फर्जी पेपर के माध्यम से धोखा देता था। एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, SSP कान्तेश कुमार मिश्रा ने कहा, ‘गिरफ्तार किए गए लोग एक ऐसा नेटवर्ट चला रहे थे, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए अभिभावकों को नीट समेत विभिन्न परीक्षाओं के फर्जी क्वेश्चन पेपर बेचकर उन्हें धोखा देते थे।’ बिहार पुलिस ने इस मामले में अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।
कैसे हुआ फर्जी नीट पेपर बेचने वाले ‘गैंग’ का खुलासा?
2 जून को फर्जी पेपर बेचने के आरोप में सिंकदपुर पुलिस ने एक शख्स को पकड़ा था। पकड़े गए शख्स का नाम मनीष बताया गया है। पूछताछ के दौरान मनीष ने नीट के फर्जी पेपर से धोखाधड़ी का खुलासा किया। उसने नीट के नकली पेपर देकर ठगी की बात कबूल की। मनीष से मिली जानकारी के बाद मुजफ्फपुर पुलिस तुरंत हरकत में आई और चार साथियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान हर्ष, अमन कुमार, कन्हैया कुमार और हर्ष कनेडिया के रूप में हुई है।
‘पैसे आ गए, नीट का पेपर भेज रहे हैं’
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल कर लिया है कि उन्होंने नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए ‘असली’ क्वेश्चन पेपर देने का झूठा दावा किया था। परीक्षार्थियों को गुमराह करने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया। कुछ उम्मीदवारों से नीट के नकली पेपर के लिए पैसे तक वसूल कर लिए गए थे, उन्हें जल्द नीट का फर्जी पेपर देने का वादा किया था।
21 जून को होगा नीट री-एग्जाम
3 मई को पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के बाद रद्द हुई नीट यूजी परीक्षा अब 21 जून को आयोजित की जाएगी। एनटीए और शिक्षा मंत्रालय ने परीक्षा की सुरक्षा, निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर कई कदम उठाए हैं। नीट एग्जाम से पहले अधिकारियों, इनविजिलिटर्स और अन्य कर्मचारियों को ऑनलाइन ट्रेनिंग के लिए ‘परीक्षा कर्मयोगी’ प्रोग्राम शुरू किया है।
नीट एडमिट कार्ड जारी
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने रविवार 14 जून को नीट यूजी का एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। जो उम्मीदवार 21 जून की मेडिकल प्रवेश परीक्षा में बैठने वाले हैं, वे एनटीए नीट यूजी की आधिकारिक वेबसाइट neet. nta. nic. in पर जाकर अपना हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए एप्लीकेशन नंबर और जन्म तिथि दर्ज करनी होगी। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि भ्रामक जानकारी से दूर रहे हैं और किसी भी सूचना की पुष्टि करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट या ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट फॉलो करें।