राजस्थान में ग्राम विकास अधिकारियों की बंपर भर्ती, यहां देखें विस्तार से

इस खबर को शेयर करें

जयपुर। प्रदेश की पंचायतों में रिक्त पड़े ग्राम विकास अधिकारियों के 3896 पदों पर सीधी भर्ती अब जल्द होगी। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने इन पदों पर सीधी भर्ती— 2021 की विज्ञप्ति सोमवार को जारी कर दी है।
भर्ती की घोषणा कर सरकार ने एक ओर जहां बेरोजगारों को राहत दी है, वहीं आंदोलन पर उतारू ग्राम विकास अधिकारियों की नाराजगी भी काफी हद तक कम करने का प्रयास किया है। नई भर्ती में गैर अनुसूचित क्षेत्र के 3222 और अनुसूचित क्षेत्र के 674 पद शामिल हैं। भर्ती के लिए प्रारंभिक और मुख्य, दो परीक्षाएं ली जाएंगी।
खासबात यह है कि सरकार ने इस भर्ती को पहले समान पात्रता परीक्षा पैटर्न में रखा था। लेकिन नए पैटर्न पर भर्ती निकालने में विलंब की आशंका के चलते इसे समान पात्रता परीक्षा से अलग किया गया है। अभ्यर्थी निर्धारित ई मित्र कियोस्क या जन सुविधा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। राज्य सरकार ने 2019 के बजट में इस भर्ती की घोषणा की थी।

ग्राम विकास अधिकारियों की मांग
राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ ने पिछले दिनों रिक्त पदों पर भर्ती और वेतन संबंधी मांगों पर आंदोलन का ऐलान किया था। एक सितंबर से आॅनलाइन कार्यों का बहिष्कार कर संघ ने 2 अक्टूबर से प्रस्तावित प्रशासन गांवों के संग अभियान में भी कामकाज ठप करने की चेतावनी दी है। हालांकि भर्ती निकलने के बाद भी संघ ने फिलहाल अपने पूर्व कार्यक्रम में बदलाव नहीं किया।