केंद्रीय कर्मचारियों के लिए डबल खुशखबरी! सितंबर में DA बढ़ोतरी; 8वें वेतन आयोग से भी बड़ी उम्मीद

8th Pay Commission: केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए सितंबर 2026 राहत भरी खबर लेकर आ सकता है. महंगाई भत्ते (DA) में एक और बढ़ोतरी की संभावना के बीच 8वें वेतन आयोग की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है. ऐसे में कर्मचारियों को न केवल DA बढ़ने की उम्मीद है, बल्कि भविष्य में बेसिक सैलरी और पेंशन में बड़े संशोधन की आस भी बढ़ गई है.

फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 फीसदी पर पहुंच चुका है. सरकार ने जनवरी 2026 में DA में 2 फीसदी की बढ़ोतरी की थी. अब जुलाई-दिसंबर 2026 की अवधि के लिए अगली बढ़ोतरी का ऐलान सितंबर या अक्टूबर में किया जा सकता है.

कब होगा DA बढ़ोतरी का अंतिम फैसला?
DA तय करने में अहम भूमिका ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स (AICPI-IW) के आंकड़ों की होती है. अप्रैल 2026 में ये इंडेक्स बढ़कर 149.9 पर पहुंच गया था. अब मई और जून के आंकड़ों के आधार पर अगली DA बढ़ोतरी का अंतिम फैसला होगा. ऑल इंडिया एनपीएस एंप्लॉयीज फेडरेशन के अध्यक्ष मनजीत सिंह पटेल के अनुसार, केंद्र सरकार आमतौर पर सितंबर में महंगाई भत्ते (DA) में संशोधन की घोषणा करती है. हालांकि, कुछ वर्षों में यह घोषणा अक्टूबर तक भी टली है.

करीब 69 लाख पेंशनर्स पर पड़ सकता है असर
उधर, 8वें वेतन आयोग को कर्मचारियों और विभिन्न संगठनों से सुझाव प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. आयोग को ज्ञापन सौंपने की अंतिम तिथि 15 जून 2026 थी. कर्मचारी संगठनों ने न्यूनतम वेतन बढ़ाने, फिटमेंट फैक्टर में सुधार और पेंशन संबंधी लाभों में संशोधन की मांग उठाई है. अब आयोग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का दौरा कर विभिन्न पक्षों से राय ले रहा है. प्राप्त सुझावों और मांगों का अध्ययन करने के बाद आयोग अपनी सिफारिशें सरकार को सौंपेगा. इन सिफारिशों का सीधा असर लगभग 55 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और करीब 69 लाख पेंशनर्स पर पड़ सकता है.

अगर सितंबर में DA बढ़ोतरी का ऐलान होता है और आगे चलकर 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होती हैं, तो कर्मचारियों की आय में ग्रोथ देखने को मिल सकती है.