वेडिंग सीजन में सोना छुड़ा रहा पसीना, कीमत में आज फिर से लंबी छलांग, खरीदारी से पहले चेक कर लीजिए

Gold Rate: शादियों का सीजन चल रहा है. वेडिंग सीजन में सोने की डिमांड हाई पर है. डिमांड के साथ सोने की मांग में तेजी जारी है. सोना आज नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया है. सोने की कीमत 1.28 लाख रुपए के पार जा चुकी है. वहीं चांदी की कीमत 1.75 लाख रुपए प्रति किलो के पार निकल गया है.

24 कैरेट से लेकर 18 कैरेट वाले सोने की कीमत

इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने की कीमत 2,209 रुपए बढ़कर 1,28,800 रुपए हो गई है, जो कि पहले 1,26,591 रुपए प्रति 10 ग्राम थी. 22 कैरेट सोने की कीमत बढ़कर 1,17,981 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो कि पहले 1,15,957 रुपए प्रति 10 ग्राम थी. 18 कैरेट सोने का दाम 94,943 रुपए प्रति 10 ग्राम से बढ़कर 96,600 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है.

आज चांदी की कीमत

सोने की अपेक्षा चांदी की कीमतों में तेज उछाल देखा गया है. बीते 24 घंटे में चांदी का दाम 10,821 रुपए बढ़कर 1,75,180 रुपए प्रति किलो हो गया है, जो कि पहले 1,64,359 रुपए प्रति किलो था. कोटक म्यूचुअल फंड के फंड मैनेजर सतीश दोंदापति ने कहा कि चांदी की कीमतें ऑल-टाइम हाई पर पहुंचने की वजह वैश्विक स्तर पर आपूर्ति का कम होना है.

क्यों महंगी हो रही है चांदी

इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल, ऑटोमोटिव जैसे क्षेत्रों में बड़े स्तर पर चांदी का उपयोग हो रहा है. साथ ही निवेश के नजरिए से भी मांग लगातार बढ़ती चली जा रही है. इन सभी कारकों ने आपूर्ति पर दबाव पैदा किया है. वायदा बाजार में भी सोने और चांदी में तेजी देखी जा रही है. सोने के 05 फरवरी, 2026 के कॉन्ट्रैक्ट का दाम 1.06 प्रतिशत बढ़कर 1,30,874 रुपए हो गया है. चांदी के 05 मार्च, 2026 के कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 1.84 प्रतिशत बढ़कर 1,78,200 रुपए हो गई है. अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने और चांदी की कीमत ऑल-टाइम हाई पर है.