भारत को वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाली 3 बेटियों की चमकी किस्मत, रेलवे ने दिया प्रमोशन, अब मिलेंगी ये सुविधाएं

भारत को पहली बार महिला वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाने वाली 3 खिलाड़ियों की किस्मत चमकी है. भारतीय रेलवे ने तीन प्रतिष्ठित महिला क्रिकेटरों – प्रतीका रावल, स्नेह राणा और रेणुका सिंह ठाकुर को भारत के 2025 आईसीसी महिला विश्व कप अभियान में उनके असाधारण प्रदर्शन को मान्यता देते हुए, आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन के माध्यम से विशेष कार्य अधिकारी (खेल) के ग्रुप ‘बी’ अधिकारी-ग्रेड पद पर पदोन्नत किया है.

चैंपियन बेटियों को रेलवे का तोहफा
ये तीनों खिलाड़ी सातवें वेतन आयोग के अनुसार वेतन मैट्रिक्स के लेवल-8 के अंतर्गत ग्रुप ‘बी’ राजपत्रित अधिकारी के वेतन और लाभों की हकदार होंगी. रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड (आरएसपीबी) की यह पहल न केवल तीनों महिला क्रिकेटरों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें प्रशासनिक जिम्मेदारियां भी सौंपेगी. बता दें कि इससे पहले नवंबर में, तीनों एथलीटों को केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री, श्री अश्विनी वैष्णव द्वारा रेल भवन में सम्मानित किया गया था.

साउथ अफ्रीका को हराकर चैंपियन बनी टीम इंडिया
महिला वनडे विश्व कप 2025 के फाइनल में भारतीय टीम ने 7 विकेट खोकर 298 रन बनाए थे. इसके जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम 45.3 ओवरों में महज 246 रन पर सिमट गई. इसी के साथ भारत ने 52 रन से खिताबी मुकाबला जीतकर पहला महिला क्रिकेट विश्व कप का खिताब अपने नाम किया. दाएं हाथ की गेंदबाज स्नेह राणा ने श्रीलंका, पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबलों में 2-2 विकेट हासिल किए थे.

हाल ही में विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2025 के ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने स्नेह राणा को 50 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा है. स्नेह राणा पिछले सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेली थीं, लेकिन अब वह जेमिमा रोड्रिग्स और शेफाली वर्मा के साथ डब्ल्यूपीएल में खेलती नजर आएंगी.