Share Market: भारत के शेयर मार्केट में आज छुट्टी, US-ईरान में बातचीत की उम्मीदों से गदगद हुआ एशियाई बाजार, तेल भी फिसला

Share Market Update: भारतीय शेयर बाजार में आज, 14 अप्रैल को छुट्टी है. 14 अप्रैल 2026 को ट्रेडिंग नहीं होगी. डॉ बीआर अंबेडकर जयंती के चलते बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) दोनों ही बंद रहेंगे. छुट्टी के चलते इक्विटी सेगमेंट, डेरिवेटिव सेगमेंट और एसएलबी में कोई कामकाज नहीं होगा. जहां भारतीय बाजार में छुट्टी है, तो वहीं ग्लोबल मार्केट खुला है. एशियाई बाजार में आज तेजी देखी गई है. अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर बातचीत की उम्मीदों में आज कोस्पी, निक्केई, डॉव जोन्स सब चढ़े हैं.

अमेरिकी , एशियाई बाजार का हाल
अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर को लेकर फिर से बातचीत की संभावना तेज है. ऐसे में बाजार में पॉजिटिव सेंटीमेंट ने इंडेक्स में उछाल को फोर्स दिया है. मंगलवार,14 अप्रैल को एशियाई बाजार इसी उम्मीद के साथ पॉजिटिव खुले. जापान का निक्केई 225, साउथ कोरिया का कोस्पी 2% से ज्यादा उछला है. Nikkei 1,367.23 प्वाइंट चढ़कर 57,870 पहुंचा. GIFT NIFTY में 180 प्वाइंट की तेजी आई और यह 24,056 पर पहुंच गया. ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 0.88% बढ़ा. इसी तरह से हांगकांग का Hang Seng इंडेक्स 193 .15 प्वाइंट की बढ़त के साथ 25,854.85 पर ट्रेड कर रहा है.

तेल सस्ता, सोना चढ़ा
अमेरिकी बाजार की बात करें तो S&P 500 फ्यूचर्स 0.06% बढ़ा, डॉव जोन्स 0.12% बढ़ा, और नैस्डैक 1.23% बढ़ा. मंगलवार को डॉलर दूसरी करेंसी के मुकाबले डेढ़ महीने के सबसे निचले स्तर 98.328 पर आ गया. वहीं कच्चे तेल की कीमत में गिरावट आई और ब्रेंट क्रूड ऑयल 98.13 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया . कच्चे तेल की कीमत में गिरावट आई तो वहीं सोना 18 डॉलर के आसपास चढ़ गया. सोने-चांदी की कीमत में करीब 1 फीसदी की तेजी आई है. मिडिल ईस्ट युद्ध में भले ही होर्मुज पर तकरार बढ़ रही है. पाकिस्तान में दोनों देशों के बीच शांति वार्ता फेल हो गई है, लेकिन अब एक बार फिर से अमेरिका और ईरान आमने-सामने आकर बातचीत करने का विचार कर रहे हैं. इसने निवेशकों के भरोसे को बढ़ाया है. एशियाई बाजार में तेजी का असर कल, 15 अप्रैल को भारतीय बाजार में भी देखने को मिल सकती है.