लखनऊ। प्रदेश सरकार बागपत में 150 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में अंतरराष्ट्रीय योग एवं वेलनेस सेंटर विकसित करने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 17 अप्रैल को लखनऊ स्थित पर्यटन भवन में ”स्टेक होल्डर कंसल्टेशन” आयोजित किया जाएगा, जिसमें निवेशकों, विशेषज्ञों और पर्यटन आपरेटर शामिल होंगे।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि बागपत में विकसित हो रहा अंतरराष्ट्रीय योग एवं वेलनेस सेंटर, प्रदेश की पहचान को सशक्त बनाएगा। सेंटर में योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और समग्र स्वास्थ्य सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध कराई जाएंगी।
कनेक्टिविटी होगी बेहतर
मेरठ-बागपत राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित होने के कारण इसकी कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन के माध्यम से परियोजना से जुड़े सभी प्रमुख हितधारकों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा, ताकि उनकी राय, सुझाव और अपेक्षाओं को समझकर बेहतर निर्णय लिया जा सके। इसमें विभाग की ओर से अपर मुख्य सचिव पर्यटन अमृत अभिजात और ईको निदेशक पुष्प कुमार के. सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे।