जिसने खरबपति बनाया, अब वही दे रहा झटका, 24 घंटे में मस्क ने गंवाए ₹1100000 करोड़

Elon Musk Trillionaire: पृथ्वी के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क को बड़ा झटका लगा है. उनकी संपत्ति में बड़ी गिरावट आई है. गिरावट भी ऐसी कि खरबपति का ताज हफ्तेभर में छीन गया. एक दिन में मस्क की संपत्ति में 118 अरब डॉलर यानी 11 लाख करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आ गई . वहीं एक हफ्ते में मस्क की दौलत 33.13 लाख करोड़ रुपये तक गिर चुकी है.

जिस स्पेसएक्स के शेयर ने एलन मस्क को दुनिया का पहला ट्रिलिनियर बनाया, अब वहीं उनकी दौलत को सोख रहा है. स्पेसएक्स के शेयर में 16 फीसदी से अधिक की गिरावट आने की वजह से मस्क को बड़ा झटका लगा है. खरबपति का उनका ताज छीन गया है. इस गिरावट के बाद एलन मस्क का कुल नेटवर्थ घटकर 957 अरब डॉलर पर पहुंच गया.

क्यों घटी एलन मस्क की संपत्ति ?
Bloomberg Billionaire Index के मुताबिक मस्क 957 अरब डॉलर के साथ अभी भी धरती के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं. घटनाक्रम को देखें, तो जब 12 जून को SpaceX ने बाजार में दस्तक की थी, शेयर में उछाल ने मस्क को पहला खरबपति बना दिया. उनकी संपत्ति 1.32 ट्रिलियन डॉलर के पार चली गई थी. अब स्पेसएक्स का स्टॉक लगातार गिर रहा है. 16 जून को ये शेयर 225.64 डॉलर के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था, लेकिन आज 149 डॉलर पर फिसल चुका है. स्पेसएक्स के साथ-साथ टेस्ला के गिरते शेयर ने मस्क को डबल झटका दिया है.

ग्लोबल मार्केट में AI स्टॉक्स को लेकर घटता क्रेज स्पेसएक्स के शेयर के गिरने की बड़ी वजह बना है. निवेशकों के मन में डर बना है कि क्या बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियां एआई सेक्टर में मुकाबला करने के लिए जरूरी भारी-भरकम निवेश को जारी रख पाएंगी. बता दें कि स्पेसएक्स में 38% हिस्सेदारी और टेस्ला में 11% हिस्सेदारी का मालिकाना हक एलन मस्क का है. ऐसे में शेयर गिरने से उनके नेटवर्थ पर सीधा असर पड़ता है.